कोडरमा। झारखंड के कोडरमा जिले से एक दर्दनाक और झकझोर देने वाली घटना सामने आई है। मरकच्चो थाना क्षेत्र के राजारायडीह गांव में सोमवार से लापता 13 वर्षीय बालक अभिनंदन कुमार का शव मंगलवार सुबह उसके घर के पास झाड़ियों से बरामद किया गया। मृतक की पहचान प्रकाश राणा के पुत्र के रूप में हुई है। घटना की खबर मिलते ही पूरे गांव में शोक और आक्रोश का माहौल फैल गया।
परिजनों के अनुसार, अभिनंदन सोमवार सुबह करीब सात बजे शौच के लिए घर से निकला था, लेकिन देर तक वापस नहीं लौटा। परिजनों ने पहले आसपास खोजबीन की, लेकिन जब कोई सुराग नहीं मिला तो मरकच्चो थाना में उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई। बच्चे की तस्वीर और संपर्क नंबर सोशल मीडिया व व्हाट्सएप ग्रुपों में साझा कर तलाश तेज की गई।
मंगलवार सुबह तालाब की ओर गए ग्रामीणों ने झाड़ियों में एक बच्चे का शव देखा और इसकी सूचना गांव वालों को दी। मौके पर पहुंचे परिजनों ने शव की पहचान अभिनंदन के रूप में की। परिजनों की चीख-पुकार से माहौल बेहद भावुक हो गया।
सूचना मिलते ही मरकच्चो थाना प्रभारी नंदकिशोर तिवारी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि बच्चे की मौत हत्या है या किसी अन्य कारण से। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी।
घटना से नाराज ग्रामीणों ने शव के साथ बरीयारडीह–मरकच्चो मुख्य मार्ग को जाम कर दिया, जिससे यातायात बाधित रहा। पुलिस लोगों को समझाकर स्थिति सामान्य करने में जुटी हुई है।

