रांची: झारखंड हाइकोर्ट के सेवानिवृत्त जस्टिस ध्रुव नारायण उपाध्याय ने गुरुवार को झारखंड के लोकायुक्त पद की शपथ ली। राज्यपाल द्रौपदी मुर्मू ने उन्हें पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलायी। राजभवन परिसर के बिरसा मंडप में शपथ ग्रहण समारोह आयोजित हुआ। इसमें मुख्यमंत्री रघुवर दास, झारखंड हाइकोर्ट के कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश पीके मोहंती, जस्टिस डीएन पटेल समेत हाइकोर्ट के कई जज, राज्य की मुख्य सचिव राजबाला वर्मा, अपर मुख्य सचिव अमित खरे, प्रधान सचिव गृह विभाग एसकेजी रहाटे, राज्य के डीजीपी डीके पांडेय, प्रधान सचिव कार्मिक एवं प्रशासनिक सुधार निधि खरे, सचिव मंत्रिमंडल एवं समन्वय विभाग सुरेंद्र सिंह मीणा सहित कई न्यायिक सेवा, प्रशासनिक सेवा, पुलिस सेवा के पदाधिकारी, राज्य विद्युत नियामक आयोग के चेयरमैन एनएन तिवारी, झारखंड राज्य उपभोक्ता आयोग के चेयरमैन आरके मेरठिया, रांची विश्वविद्यालय के कुलपति रमेश कुमार पांडेय, मेयर आशा लकड़ा समेत कई गणमान्य लोग मौजूद थे।

जनता की उम्मीदों पर खरा उतरूंगा : लोकायुक्त
लोकायुक्त पद की शपथ लेने के बाद जस्टिस डीएन उपाध्याय ने कहा कि लोकायुक्त का पद चुनौती भरा है। आज भारत का प्रत्येक नागरिक चाहता है कि वह भ्रष्टाचारमुक्त वातावरण में काम करे। उसे किसी भी कार्यालय में जाने पर सुगमतापूर्वक जो उसके संवैधानिक प्रदत्त अधिकार है, वह अधिकार मिले। इस दिशा में उनका प्रयास होगा कि जनता की उम्मीदों पर खरा उतर सकें। उन्होंने बताया कि एक साल से ज्यादा समय तक राज्य में लोकायुक्त का पद रिक्त था। मुख्यमंत्री रघुवर दास ने रिक्त पड़े लोकायुक्त पद को भरने की पहल की। मुख्यमंत्री, हाइकोर्ट के एक्टिंग चीफ जस्टिस एवं विपक्ष के नेता की सहमति से उन्हें लोकायुक्त नियुक्त किया गया।

Share.

Comments are closed.

Exit mobile version