आजाद सिपाही संवाददाता
रांची। रांची। भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता प्रतुल शाहदेव ने कहा कि राहुल गांधी की रैली हुई नहीं है और कांग्रेसी अनाप-शनाप बोलने लगे हैं। कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि राहुल गांधी आयेंगे और भाजपा साफ हो जायेगी। भाजपा को करंट लगेगा। प्रतुल ने कहा कि डॉ अजय को समझना चाहिए कि राहुल गांधी वह बिजली के तार हैं, जिसमें करंट प्रवाहित ही नहीं होता है। भाजपा को एक राहुल गांधी क्या, एक सौ राहुल गांधी के आने से भी कोई अंतर नहीं है।

झारखंड में पिछले लोकसभा चुनाव में कांग्रेस अपने कोटे की सभी नौ सीटें हार गयी थी। इसलिए इन्हें बड़ी-बड़ी बातें करना शोभा नहीं देता। श्री शाहदेव ने कहा की दलों में राजनीतिक विरोध हो सकता है, लेकिन जिस तरीके से विपक्ष के नेताओं ने हाल के दिन में निम्न स्तर की बयानबाजी की है, इसकी जितनी निंदा की जाये, वह कम है। देश में भाजपा के समर्थन को देख विपक्ष के नेताओं के बोल बिगड़ गये हैं। वह गाली-गलौज से लेकर राष्ट्र विरोधी बातें करने लगे हैं।

प्रतुल ने कहा कि दुमका के पथरिया गांव में हेमंत सोरेन ने आदिवासियों को सरकार के खिलाफ हथियार उठाने का आह्वान किया। उन्होंने इसकी कड़ी निंदा करते हुए कहा कि हेमंत इस तरह का वक्तव्य देखकर माहौल को विषाक्त करने के प्रयास में लगे हैं। जब पूरा देश आतंकवाद के खिलाफ एकजुट है, उस समय इस तरह की की बात करके हेमंत सोरेन अपना और अपने दल की असलियत दिखा रहे हैं। आरोप लगाया कि संथाल परगना में अपने सफाये को देखते हुए हेमंत बदहवास हो कर घटिया बयानबाजी पर उतर आये हैं।

प्रतुल ने बाबूलाल के द्वारा दो दिन पूर्व दिये गये बयान का जिक्र करते हुए कहा कि बाबूलाल ने न सिर्फ संविधान की दसवीं अनुसूची को जलाने की बात कही, बल्कि गाली-गलौज पर भी उतर गये। उन्होंने कहा कि यह पूरा वाकया अत्यंत ही शर्मनाक है। अगर बाबूलाल स्पीकर के ट्रिब्यूनल के फैसले से असंतुष्ट हैं, तो उन्हें उच्च न्यायालय में अपील करनी चाहिए। पूर्व मुख्यमंत्री रहे व्यक्ति के मुंह से ऐसी बातें अकल्पनीय हैं।

 

Share.

Comments are closed.

Exit mobile version