रांची। कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष डॉ अजय कुमार ने कहा कि आगामी दो मार्च को रांची के मोरहाबादी मैदान में राहुल गांधी की रैली ऐतिहासिक होगी। इस परिवर्तन उलगुलान रैली की तैयारी कर ली गयी है। उन्होंने कहा कि जनता में केंद्र और राज्य सरकार के खिलाफ जो आक्रोश है, वह इस रैली में दिखेगी। राहुल गांधी के कार्यक्रम तय होने से कार्यकर्ताओं में उत्साह है। इसका नजारा मोरहाबादी मैदान में दिखेगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश के सभी प्रकल्पों के कार्यकर्ताओं को पूरे प्रदेश से लगभग दो लाख लोगों को रैली जुटाने का लक्ष्य रखा है। उम्मीद है इससे भी ज्यादा लोग पहुंचेंगे।

उन्होंने कहा की रैली की सफलता के लिए एक-एक कांग्रेस कार्यकर्ता तैयार है। पार्टी के कार्यकर्ताओं के उत्साह को देखकर यह कह सकते हैं कि रैली एतिहासिक रूप से सफल होगी। उन्होंने कहा कि परिवर्तन उलगुलान रैली में विपक्षी एकता भी दिखेगी। सभी विपक्ष के नेताओं को निमंत्रण दिया गया है।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी ही एक ऐसी पार्टी है, जिसने वनों का अधिकार दिया, पांचवीं अनुसूची का अधिकार दिया, पेशा कानून दिया, लेकिन भाजपा यह सभी अधिकारों को निरस्त करके उद्योगपतियों को सरकार मदद पहुंचाना चाहती है। उन्होंने कहा कि प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने राज्य के सभी जिलों में सोमवार को मशाल जुलूस निकालने का निर्णय लिया है।

उन्होंने कहा कि हम संघर्ष करेंगे, 20 लाख लोगों को बेघर होने से बचायेंगे। अगर सरकार जबरन लोगों को विस्थापित करेगी, तो पंचायतों में गिरफ्तारियां भी देंगे। इस मौके पर कांग्रेस विधायक दल के नेता आलमगीर आलम, मैनुल हक, अजय शर्मा, राजेश ठाकुर, रमा खलखो, प्रभाकर तिर्की, महानगर अध्यक्ष संजय पांडेय एवं ग्रामीण अध्यक्ष सुरेश बैठा मौजूद थे।

Share.

Comments are closed.

Exit mobile version