पीएम एक साथ दो करोड़ किसानों के खातों में ट्रांसफर करेंगे रकम
आजाद सिपाही संवाददाता
रांची। भारत में रविवार को इतिहास रचा जायेगा। उत्तरप्रदेश के प्रयागराज में संगम स्नान करने के बाद सुबह 10 बजे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गोरखपुर में एक बटन दबा कर दो करोड़ किसानों के खातों में दो-दो हजार रुपये ट्रांसफर करेंगे। इसे प्रधानमंत्री किसान सम्मान योजना का नाम दिया गया है। दुनिया में यह पहला अवसर होगा, जब एक साथ इतनी बड़ी संख्या में खातों में रकम ट्रांसफर की जायेगी।
झारखंड में इस योजना का आगाज मुख्यमंत्री रघुवर दास करेंगे। इसके लिए ओरमांझी में मुख्य समारोह का आयोजन किया गया है। इस राज्यस्तरीय कार्यक्रम के साथ ही सभी जिला मुख्यालयों और 264 प्रखंडों में इसका आयोजन किया जायेगा। लाभुक किसानों को इसमें बुलाया गया है। वहां के मुखिया और स्थानीय जन प्रतिनिधियों को भी इसमें आमंत्रित किया गया है। झारखंड के लगभग 22 लाख किसान इस योजना के लाभुक होंगे। सभी लोग प्रधानमंत्री के संबोधन का सीधा प्रसारण भी देखेंगे।
कार्यक्रम के दौरान ही किसानों को पीएम किसान योजना का प्रमाण पत्र भी दिया जायेगा। प्रधानमंत्री मन की बात का सीधा प्रसारण भी किया जायेगा। जानकारी के अनुसार केंद्र सरकार ने रकम ट्रांसफर करने के लिए एनपीसीआइ को आदेश जारी कर दिये हैं। पीएम-किसान योजना के मुख्य कार्यकारी अधिकारी विवेक अग्रवाल द्वारा एनपीसीआइ को निर्देश भेजा गया है।