रांची। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन दस और 11 फरवरी को विभागीय कार्यों की गहन समीक्षा करेंगे। विभागों से कार्यों और उसकी वर्तमान स्थिति की रिपोर्ट नौ फरवरी तक मांगी गयी है। इसमें विभाग की योजनाओं से लेकर, लंबित मामले, आय-व्यय और योजना की भौतिक स्थिति से लेकर तमाम स्थितियों की समीक्षा की जायेगी। विभागों के अधीन सभी बोर्ड-निगमों की भी समीक्षा होगी। समीक्षा को लेकर शनिवार को छुट्टी के बावजूद विभागों में फूलप्रूफ तैयारी होती रही।
विभाग से संबंधित महत्वपूर्ण अधिनियम, कानून एवं उसके कार्यान्वयन में आनेवाली कठिनाइयों, विभागों में पद एवं रिक्तियों की जानकारी भी मांगी गयी है। विभाग द्वारा वर्तमान में संचालित योजनाओं में संशोधन की भी जानकारी मांगी गयी है। सचिवों से कहा गया है कि जनहित में कोई नयी योजना विभाग यदि प्रारंभ करना चाहता है, तो इसकी जानकारी दी जाये। समीक्षा के दौरान किये जानेवाले पावर प्वाइंट प्रजेंटेशन की हार्ड कॉपी नौ फरवरी तक मांगी गयी है।
समीक्षा का टाइम टेबल
10 फरवरी: स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता, उच्च एवं तकनीकी शिक्षा तथा कौशल विकास, उत्पाद एवं मद्य निषेध विभाग, अनुसूचित जनजाति-अनुसूचित जाति एवं पिछड़ा वर्ग कल्याण तथा परिवहन विभाग, अल्पसंख्यक कल्याण एवं निबंधन विभाग, महिलाए बाल विकास एवं सामाजिक सुरक्षा, स्वास्थ्य एवं आपदा प्रबंधन विभाग, श्रम विभाग, कृषि- पशुपालन एवं सहकारिता विभाग, पेयजल एवं स्वच्छता विभाग, जल संसाधन विभाग, भवन निर्माण एवं आइटी विभाग।
11 फरवरी: ऊर्जा विभाग, ग्रामीण विकास विभाग, योजना सह वित्त, खाद्य आपूर्ति, राजस्व एवं भूमि सुधार, पथ निर्माण, नगर विकास विभाग, पर्यटन, कला-संस्कृति, खेलकूद एवं युवा मामले, कार्मिक, गृह एवं पीआरडी, उद्योग, खान एवं वन विभाग।
मुख्यमंत्री आज साहेबगंज जायेंगे
रांची। मुख्यमंत्री नौ फरवरी को साहेबगंज जायेंगे। वहां सांसद विजय हांसदा के रिसेप्शन पार्टी में शामिल होंगे। वह दिन के एक बजे रांची से साहेबगंज के लिए प्रस्थान करेंगे। वहीं 2.35 बजे सीएम साहेबगंज के कालीतल्ला में विजय हांसदा के रिसेप्शन पार्टी में शामिल होंगे। साथ ही 3.20 बजे सीएम साहेबगंज से रांची के लिए प्रस्थान करेंगे। 5.10 बजे सीएम मुख्यमंत्री आवास पहुंचेंगे।