आजाद सिपाही संवाददाता
रांची। अपने प्रतिनिधि राजकिशोर बाउरी की हत्या से बुरी तरह बिफरीं बड़कागांव विधायक अंबा प्रसाद ने पुलिस अधिकारियों को जम कर खरी-खोटी सुनायी। उन्होंने पतरातू एसडीपीओ वीरेंद्र चौधरी और भुरकुंडा थाना प्रभारी अमित कुमार पर बरसते हुए कहा कि पुलिस ने 60-40 के तहत अपराधियों से सांठगांठ कर ली है। पुलिस अवैध वसूली में लगी हुई है। अपराधियों का मनोबल इतना बढ़ गया है कि दिनदहाड़े लोगों को गोली मारी जा रही है। पुलिस पूरी तरह निरंकुश हो गयी है। घटनास्थल के पास उन्होंने कहा : आज जो ये सब हो रहा है, उसका कारण आप दोनों हैं। एक तो थाना प्रभारी और एक आप। थाना प्रभारी कोई कार्रवाई नहीं करते और अपराध बढ़ते जा रहा है। उन्होंने डीएसपी से कहा : जरा भी आपको ये नहीं है कि निडरता से कार्रवाई करें। खुद डरपोक हैं। दिन भर चाय-पानी पीते रहते हैं। शाम को दारू पीते हैं। इस पर विधायक के साथ वहां मौजूद उनके पिता सह पूर्व मंत्री योगेंद्र साव ने कहा : आपको तो यहां लाकर पछता रहे हैं डीएसपी साहब। इसका डीएसपी ने विरोध किया। उन्होंने कहा : हमको हटा दीजिए, लेकिन उल्टा-पुल्टा मत बोलिए। डीएसपी का जवाब सुन विधायक बिफर गयीं। उन्होंने कहा : हटा दीजिए से क्या मतलब है। क्या हम चुपचाप बैठ कर तमाशा देखते रहें। संवेदनशीलता नहीं है।
विधायक ने घटनास्थल से ही डीजीपी को फोन कर घटना की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि जब से एसडीपीओ और थाना प्रभारी आये हैं, क्षेत्र में आपराधिक घटनाओं में काफी बढ़ोत्तरी हो गयी है।
पतरातू डीएसपी पर बरसीं बड़कागांव विधायक अंबा प्रसाद, आप डरपोक हैं, शाम को दारू पीते हैं
Related Posts
Add A Comment