बेगूसराय। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) के कार्यकर्ताओं ने 16 फरवरी को प्रस्तावित समाधान यात्रा के दौरान मुख्यमंत्री से बेगूसराय में दिनकर विश्वविद्यालय की स्थापना की घोषणा करने की मांग किया है। शनिवार को बैठक के बाद बयान जारी कर अभाविप ने कहा है कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार समाधान यात्रा के दौरान अपनी बेगूसराय यात्रा के दौरान बेगूसराय में दिनकर विश्वविद्यालय की स्थापना के लिए घोषणा करें।
अभाविप के पूर्व राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य अजीत चौधरी ने कहा कि मुख्यमंत्री की घोषणा अनुसार प्रत्येक प्रमंडल में विश्वविद्यालय की स्थापना की बात की गई है। लेकिन बिहार में कई जिलों में भी विश्वविद्यालय स्थापित है, जिसके पीछे वोट बैंक की राजनीति है। जिसे विद्यार्थी परिषद कड़े शब्दों में प्रतिकार करते हुए यह मांग करती है कि बेगूसराय जिले के छात्र-छात्राओं की जरूरतों को ध्यान में रखकर विश्वविद्यालय की स्थापना की घोषणा करें।
विभाग संयोजक सोनू सरकार एवं जिला संयोजक पुरुषोत्तम कुमार ने कहा कि जिस प्रकार से लाखों छात्र-छात्राओं के शैक्षणिक जीवन की सबसे बड़ी कठिनाई बेगूसराय से दरभंगा की यात्रा है। उनके इस पीड़ा को मुख्यमंत्री को समझना चाहिए, क्योंकि विभिन्न यात्रा के दौरान वे बेगूसराय आते हैं। लेकिन विश्वविद्यालय की घोषणा के नाम पर वह चुप्पी साध लेते हैं। बेगूसराय के छात्र-छात्रा एवं आमजन की यह पुकार है कि दिनकर विश्वविद्यालय की घोषणा कर उदार हृदय एवं छात्र हितैषी होने का परिचय दें। क्योंकि विश्वविद्यालय उप केंद्र के नाम पर भी बेगूसराय के छात्र-छात्रा ठगी के शिकार हुए हैं तथा अन्य जिलों में विश्वविद्यालय का उपकेंद्र खुला हुआ है।
नगर मंत्री दिव्यम कुमार एवं कॉलेज इकाई अध्यक्ष प्रह्लाद कुमार ने कहा कि आज के समय में बेगूसराय क्षेत्र विभिन्न दृष्टिकोण से राष्ट्रीय फलक पर चर्चित है। इसके बाद भी यहां पर एक विश्वविद्यालय नहीं है जो यहां के शिक्षा जगत के लिए शर्मनाक बात है। सभी पदाधिकारी एवं राजनेता इस मुद्दे पर ध्यान देने के बजाय मुंह मोड़ने का काम किए है जो काफी निंदनीय है। कॉलेज मंत्री कौशिक झा ने कहा कि वर्षो पहले हुए बखरी, तेघड़ा एवं बलिया में डिग्री कॉलेज घोषणा के बाद भी अब तक भवन निर्माण कार्य प्रारंभ नहीं हो सका। सरकार नहीं चाहती है की उच्च शिक्षा दुरुस्त हो। विश्वविद्यालय हमारा हक है जिसे हर हाल में हमें मिलना चाहिए। अन्यथा विद्यार्थी परिषद आर पार की लड़ाई के लिए बेगूसराय के छात्र छात्राओं को एक मंच पर लाएगी।