-कर्मियों और पुलिस के बीच झड़प, लाठी चार्ज, कई घायल
-राजभवन के सामने अपनी मांग को लेकर सुबह से धरना पर थे बैठे
आजाद सिपाही संवाददाता
रांची। राजभवन के समक्ष प्रदर्शन कर रहे पंचायत सचिवालय स्वयंसेवक संघ के कर्मियों और पुलिस के बीच सोमवार शाम झड़प हो गयी। इस झड़प के दौरान पुलिस ने कर्मियों पर लाठीचार्ज किया। इसमें लगभग आधा दर्जन से अधिक कर्मी घायल हो गये। प्रदर्शन कर रही कई महिलाओं पर भी पुलिस का डंडा चला है। कई महिलाएं भी चोटिल हैं। सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया है। लाठीचार्ज के बाद वहां अफरा-तफरी मच गयी।
सुबह से घरने पर बैठे थे कर्मी:
प्राप्त जानकारी के अनुसार राज्यभर के पंचायत सचिवालय स्वयं सेवक संघ के कर्मी सोमवार सुबह मुख्यमंत्री आवास घेराव के लिए जा रहे थे। उन्होंने मोरहाबादी मैदान से पदयात्रा शुरू की। पुलिस ने इन्हें राजभवन के पास रास्ते में ही रोक दिया। इसके बाद ये सभी राजभवन के समक्ष ही घरना पर बैठ गये। प्रदर्शनकारी शाम के बाद भी धरना-प्रदर्शन जारी रखना चाह रहे थे। पुलिस उन्हें वापस जाने को कह रही थी। इसी बात को लेकर कर्मी और पुलिस के बीच तकरार बढ़ी। जिसके बाद पुलिस ने लाठी चार्ज कर दिया।
सरकार पर बरसे कर्मी:
इससे पहले प्रदर्शन कर रहे कर्मियों ने राज्य सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। इस दौरान कर्मचारियों ने कहा कि हमारी मांग को सरकार नहीं सुन रही है। पंचायत में काम करने वाले सभी स्थानीय हैं। इसके बावजूद भी हमारी मांग को पूरा नहीं किया जा रहा है। मांगों को पूरा करने के लिए लिखित रूप से आवेदन दिये। सरकार केवल हमलोगों को ठगने का काम कर रही है। जब से सरकार बनी है, तब से हमारी मांग को नजर अंदाज कर रही है।
क्या है मांग:
-प्रोत्साहन राशि को हटाकर मानदेय दिया जाए।
-पंचायत स्वयं सेवक का नाम बदलकर पंचायत सहायक किया जाए।
-नियुक्ति को 60 साल तक के लिए किया जाए।