आजाद सिपाही संवाददाता
रांची। राज्यपाल सीपी राधाकृष्णन ने कहा है कि झारखंड राज्य अपार संभावनाओं वाला प्रदेश है। इस राज्य में असीम खेल प्रतिभाएं निहित हैं, जिन्हें प्रोत्साहित करने की आवश्यकता है। हमारे युवाओं को प्रतिबद्धता के साथ आगे बढ़ना चाहिए, उन्हें उत्कृष्टता हासिल करनी होगी। अगर आप यह हासिल करना चाहेंगे, तो कर सकते हैं। राज्यपाल रविवार को रांची के खेलगांव में आयोजित तीन दिवसीय सांसद खेल महोत्सव के समापन मौके पर बोल रहे थे।
वीरों की भूमि है झारखंड:
राज्यपाल ने कहा कि झारखंड राज्य वीरों की भूमि है। यहां भगवान बिरसा मुंडा समेत अन्य महान स्वतंत्रता सेनानी हुए। भगवान बिरसा मुंडा जी का जन्म 1875 ई० में हुआ और वे 1900 ई० में 25 वर्ष की अल्पायु में ही देश के लिए संघर्ष करते हुए शहीद हो गये, लेकिन लोगों के हृदय में उनका स्थान सदा बना रहेगा। उन्होंने कहा कि शपथ ग्रहण के बाद आज मेरा दूसरा कार्यक्रम है। पहला कार्यक्रम धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की जन्मस्थली में हुआ। जबकि दूसरा आप खिलाड़ियों के साथ हो रहा है।
ग्रामीण क्षेत्रों में बहुत खेल प्रतिभा मौजूद:
राज्यपाल ने कहा कि इस पावन भूमि ने कई ऐसे खिलाड़ी प्रदान किये हैं, जिन्होंने अपनी प्रतिभा से अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर राष्ट्र का नाम रौशन किया है। यह राज्य महान खिलाड़ी मरांग गोमके जयपाल सिंह मुंडा जी की भूमि है। वे उस हॉकी टीम के कप्तान थे जो 1928 के ओलंपिक में भारत के लिए स्वर्ण पदक जीता था। भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने क्रिकेट की दुनिया में बहुत बड़ा नाम अर्जित किया है और अपने खेल से सबको प्रभावित किया। राज्यपाल ने निक्की प्रधान, सलीमा टेटे, अरुणा मिश्रा, दीपिका, रूपा रानी तिर्की, लवली चौबे, चंदन कुमार सिंह समेत अन्य खिलाड़ियों का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि इस राज्य के ग्रामीण क्षेत्रों में बहुत खेल प्रतिभा मौजूद हैं, जिन्हें आगे लाने की जरूरत है। झारखंड को ‘लैंड आॅफ आर्चरी’ एवं ‘लैंड आॅफ हॉकी’ कहा जा सकता है।
सांसद संजय सेठ के प्रयास की सराहना की:
राज्यपाल तीन दिवसीय सांसद खेल महोत्सव के आयोजन के लिए लोकसभा सांसद संजय सेठ को बधाई दी। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में युवाओं के बीच खेल को आगे बढ़ाने व एक नया अवसर प्रदान करने की दिशा में यह सराहनीय प्रयास है। उन्होंने सांसद खेल महोत्सव में भाग लेने वाले प्रतिभागियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने इस आयोजन से छुपी हुई प्रतिभा के सामने आने की उम्मीद जतायी। उन्होंने कहा कि सांसद खेल महोत्सव खेल प्रतिभाओं को पहचानने और उन्हें निखारने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है।
खिलाड़ी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर आयें:
सांसद संजय सेठ ने स्वागत भाषण में कहा कि पूरा देश चाहता है कि ओलंपिक, एशियन, कॉमनवेल्थ सहित अन्य अंतर्राष्ट्रीय खेल प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर पदक तालिका में ऊपर आये और अधिक से अधिक पदक अर्जित करें। इसके लिए ग्रामों और टोलों में कार्य करने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि झारखंड खेल के क्षेत्र में समृद्ध है। इस दिशा में प्रधानमंत्री के आह्वान पर सांसदों द्वारा सांसद खेल महोत्सव का आयोजन कर प्रयास किया गया है। उन्होंने कहा कि तीन दिनों से चलने वाली इस प्रतियोगिता में लगभग 5000 खिलाड़ियों ने भाग लिया। उन्होंने राज्यपाल का खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के लिए कार्यक्रम में आने हेतु आभार प्रकट किया। धन्यवाद ज्ञापन पूर्व राज्यसभा सांसद अजय मारू ने किया। इस अवसर पर राज्यपाल ने प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को पुरस्कृत किया।