रांची। रातू थाना पुलिस ने राजा साहेब हत्याकांड मामले में टीपीसी का एरिया कमांडर सुकेश कुमार उर्फ सुखी कुमार महतो को गिरफ्तार किया है। इसके निशानदेही पर राजा साहेब का अर्धजला बाइक और आधार कार्ड बरामद किया गया है। ग्रामीण एसपी नौशाद आलम ने रविवार को बताया कि गत 21 अक्टूबर 2022 को राजा साहेब की पत्नी गीता राज ने थाने में लिखित आवेदन दिया था। इसमें उल्लेख किया गया था कि 17 अक्टूबर को वह अपने हीरो होंडा ग्लैमर बाइक से निकले थे। इनके पति का मोबाईल बंद था और अभी तक घर नहीं लौटे है।
एसपी ने डीएसपी प्रवीण कुमार सिंह के नेतृत्व में एक टीम का गठन किया। टीम को अनुसंधान के क्रम में गुप्त सूचना के आधार पर सुकेश कुमार उर्फ सुखी कुमार महतो को गिरफ्तार किया। सुकेश प्रतिबंधित उग्रवादी संगठन टीपीसी का एरिया कमाण्डर है। एसपी ने बताया कि पूछताछ के कम में बताया कि राजा साहेब बुढमू थाना क्षेत्र के हिरिंग बोटका गांव से जीवन जोड़ी मेला देखकर वापस लौट रहे थे । इसी कम में अपने साथियों के साथ अपहरण कर सुमु जंगल चिरवातरी ले गया और वही पर राजा साहेब को गोली मार कर हत्या कर दिया तथा जंगल में ही शव को जला कर दफना दिया। साथ ही ग्लैमर गाड़ी को जलाकर गाड़ दिया।