लातेहार के झामुमो कार्यकर्ताओं ने किया उपवास
रांची। हेमंत सोरेन की गिरफ्तारी के विरोध में रविवार को लातेहार जिला झामुमो इकाई का एकदिवसीय उपवास कार्यक्रम मोहराबादी मैदान के बापू वाटिका में हुआ। इसकी अध्यक्षता लातेहार जिलाध्यक्ष लालमोती नाथ शाहदेव ने की। कार्यक्रम में हेमंत है तो हिम्मत है और जेल का फाटक टूटेगा, हेमंत सोरेन छूटेगा के नारे लगाये गये। मौके पर लातेहार विधायक बैद्यनाथ राम ने कहा कि साजिश के तहत हेमंत सोरेन को जेल भेजा गया है। केंद्र सरकार स्वतंत्र जांच एजेंसियों का दुरूपयोग कर रही है। झारखंड में चुनी हुई एक लोकप्रिय सरकार को अस्थिर करने का कुत्सित प्रयास किया गया। आगामी चुनावों में झारखंड की जनता इसका माकूल जवाब देगी।
हेमंत की लोकप्रियता से घबरा गयी मोदी सरकार: शाहदेव
जिलाध्यक्ष लालमोती नाथ शाहदेव ने कहा कि झारखंड में हेमंत सोरेन की सरकार बेहतर कार्य कर रही थी। जनता के बीच जन कल्याणकारी योजनाओं को लेकर जा रही थी। सरकार की लोकप्रियता दिन प्रति दिन बढ़ती जा रही थी। इससे भाजपा घबरा गयी और केंद्र में बैठी मोदी सरकार ने एक साजिश के तहत हेमंत सोरेन को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया, लेकिन प्रदेश की जनता सब जान गयी है। जिस प्रकार झूठे आरोपों में एक आदिवासी मुख्यमंत्री को गिरफ्तार किया गया, उसे प्रदेश की जनता कभी माफ नहीं करेगी। उपवास कार्यक्रम में केंद्रीय सदस्य अरुण दुबे, दीपू कुमार सिन्हा, समसुल होदा, शीतमोहन मुंडा, जिला परिषद सदस्य बुद्धेश्वर उरांव, जीरा देवी, चंचला देवी समेत अन्य शामिल थे।
Palamu Division
Kolhan Division
Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.
© 2026 AzadSipahi. Designed by Launching Press.



