जामताड़ा। जिले की कुंडहित प्रखंड निवासी दिबासी हेंब्रम ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बड़ी उपलब्धि हासिल करते हुए थाईलैंड में आयोजित एयरगन राइफल शूटिंग प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक जीतकर भारत और झारखंड का नाम रोशन किया है।
4 से 7 मई 2026 तक आयोजित इस अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में विभिन्न देशों के खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया था। भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व कर रहीं दिबासी हेंब्रम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए गोल्ड मेडल अपने नाम किया। वे 14 सदस्यीय भारतीय दल का हिस्सा थीं।
उनकी इस सफलता की शुरुआत जनवरी 2026 में गोवा में आयोजित राष्ट्रीय राइफल शूटिंग प्रतियोगिता से हुई थी, जहां उन्होंने स्वर्ण पदक जीतकर भारतीय टीम में जगह बनाई थी। इसके बाद उन्होंने लगातार चार से पांच महीने कठिन प्रशिक्षण लेकर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर यह बड़ी उपलब्धि हासिल की।
जामताड़ा जिला ओलंपिक संघ के सीनियर वाइस प्रेसिडेंट दीपक दुबे ने बताया कि दिबासी की यह उपलब्धि जिले के लिए गर्व की बात है। उनकी जीत ने क्षेत्र के युवाओं और खासकर बेटियों के लिए एक नई प्रेरणा का काम किया है।
इस ऐतिहासिक सफलता के बाद पूरे जामताड़ा में खुशी का माहौल है। सोशल मीडिया से लेकर खेल जगत तक उनकी उपलब्धि की चर्चा हो रही है। रविवार को उनके जामताड़ा पहुंचने पर भव्य स्वागत की तैयारी की गई है।
सीमित संसाधनों के बावजूद अंतरराष्ट्रीय मंच पर स्वर्ण पदक जीतकर दिबासी हेंब्रम ने यह साबित किया है कि मेहनत, लगन और समर्पण से किसी भी लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है।



