बिहार के 33 स्टेशन, 72 आरओबी/आरयूबी/एलएचएस भी शामिल
हाजीपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सोमवार को वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से पूरे देश में अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत 554 से अधिक स्टेशनों के पुनर्विकास का शिलान्यास करेंगे। साथ ही देश भर के 1500 से अधिक नवनिर्मित रोड ओवर ब्रिज और आरयूबी/एलएचएस का लोकार्पण करेंगे। इनमें बिहार के 33 स्टेशन और 72 आरओबी/आरयूबी/एलएचएस शामिल हैं। पूर्व मध्य रेल के पांचों मंडल के अंतर्गत 3029 करोड़ रुपये की लागत से 23 स्टेशनों के पुनर्विकास का शिलान्यास होगा। 29 आरओबी, 50 आरयूबी/एलएचएस का लोकार्पण प्रधानमंत्री द्वारा किया जायेगा। पूर्व मध्य रेल के 23 स्टेशनों में से बिहार में 21, झारखंड में दो स्टेशनों का पुनर्विकास किया जाना है। इसी तरह पूर्व मध्य रेल के 29 आरओबी में से बिहार मे 27, झारखंड में दो और 50 आरयूबी/एलएचएस में बिहार में 25, झारखंड में 23 और यूपी में दो आरयूबी/एलएचएस शामिल है। अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत इन स्टेशनों पर यात्रियों की सुविधा, सुगमता और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए आवश्यकतानुसार स्टेशन भवन, प्रवेश-निकास द्वार, फुटओवर ब्रिज, कॉनकोर्स, प्लेटफॉर्म, सरकुलेटिंग एरिया, पार्किंग, दिव्यांग सुविधा, प्रकाश व्यवस्था, बैठने की व्यवस्था आदि का विकास कार्य किया जायेगा। नवनिर्मित रोड ओवर ब्रिज और अंडरपास के माध्यम से लोगों को अवरोधमुक्त और सुरक्षित सड़क यातायात की सुविधा हो जाएगी, उनके समय की बचत होगी।
डीडीयू मंडल में 715 करोड़ से विकास कार्य
पंडित दीनदयाल उपाध्याय मंडल के अंतर्गत लगभग 715 करोड़ के विकास कार्यों का शिलान्यास-लोकार्पण किया जायेगा। इस क्रम में आठ स्टेशन-डेहरी आॅन सोन, बिक्रमगंज, पीरो, रफीगंज, गुरारू, नबीनगर, हैदर नगर और मोहम्मदगंज स्टेशन को अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत विकास का शिलान्यास किया जायेगा। साथ ही नवनिर्मित 11 रोड ओवर ब्रिज और 18 आरयूबी/एलएचएस का लोकार्पण किया जायेगा। इनमें अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत डेहरी आॅन सोन स्टेशन पर लगभग 16.12 करोड़ रुपये की लागत से, बिक्रमगंज स्टेशन पर लगभग 12.25 करोड़, पीरो स्टेशन पर लगभग 12.28 करोड़, रफीगंज स्टेशन पर लगभग 12.46 करोड़, गुरारू स्टेशन पर लगभग 15.69 करोड़, नबीनगर स्टेशन पर 11.22 करोड़, हैदर नगर स्टेशन पर 12.95 करोड़ और मोहम्मदगंज स्टेशन पर लगभग 12.95 करोड़ रुपये की लागत से विकास कार्य किया जाना है।
दानापुर मंडल में खर्च होंगे 171 करोड़
दानापुर मंडल के अंतर्गत 171 करोड़ की लागत से विकास कार्यों का शिलान्यास-लोकार्पण किया जायेगा। अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत नवादा, लखीसराय, चौसा स्टेशनों के विकास का शिलान्यास किया जायेगा। साथ ही नवनिर्मित तीन रोड ओवर ब्रिज और छह आरयूबी/एलएचएस का लोकार्पण होगा। अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत नवादा स्टेशन पर लगभग 21.54 करोड़, लखीसराय स्टेशन पर 12.81 करोड़ और चौसा स्टेशन पर लगभग 15.36 करोड़ रुपये से विकास कार्य होगा।
सोनपुर मंडल में विकास पर खर्च होंगे 616 करोड़
सोनपुर मंडल के अंतर्गत 616 करोड़ से विकास कार्यों का शिलान्यास-लोकार्पण किया जायेगा। अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत बरौनी, काढ़ागोला रोड और शाहपुर पटोरी स्टेशनों के पुनर्विकास का शिलान्यास किया जायेगा। साथ ही नवनिर्मित दो रोड ओवर ब्रिज का लोकार्पण किया जायेगा। अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत बरौनी स्टेशन पर लगभग 398 करोड़, काढ़ागोला रोड स्टेशन पर 15.52 करोड़, शाहपुर पटोरी स्टेशन पर 7.16 करोड़ से पुनर्विकास कार्य किया जाना प्रस्तावित है। वहीं समस्तीपुर मंडल के अंतर्गत 880 करोड़ से विकास कार्यों का शिलान्यास-लोकार्पण होगा। अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत नौ स्टेशनों के पुनर्विकास का शिलान्यास किया जायेगा। साथ ही नवनिर्मित 11 रोड ओवर ब्रिज और आठ आरयूबी/एलएचएस का लोकार्पण किया जायेगा। धनबाद मंडल के अंतर्गत दो रोड ओवर ब्रिज और 18 आरयूबी/एलएचएस का लोकार्पण होगा।

Share.

Comments are closed.

Exit mobile version