दिन में कबाड़ी बन कर करते थे रेकी, रात में तोड़ते थे ताला
रांची। राजधानी की सड़कों पर कबाड़ी चुनने का काम करने वाले गिरोह के निशाने पर ज्वेलरी दुकाने हैं। यह गिरोह कबाड़ी चुनने के बहाने दुकानों की रेकी करते हैं, फिर रात्रि के समय सुनसान देख चोरी की घटना को अंजाम देते हंै। इसका खुलासा गिरफ्तार तफाजुल शेख उर्फ लड्डू ने पुलिस के समक्ष किया है। डोरंडा पुलिस ने इस मामले में सात लोगों को गिरफ्तार किया है। डोरंडा थाना क्षेत्र डीबडीह फ्लाई ओवर के पास कृष्णा ज्वेलर्स दुकान में बीते 31 दिसंबर 2024 की रात चोरी हुई थी।
गिरफ्तार लोगों में तफाजुल शेख के अलावा कमरुज जमाल उर्फ मिथुन, सलमान शेख, दाउद शेख, गुलाब मोहम्मद उर्फ मो अली, मदन स्वर्णकार और अजय कुमार स्वर्णकार शामिल हैं। उक्त जानकारी डीआइजी सह एसएसपी चंदन कुमार सिन्हा ने प्रेसवार्ता में दी। उन्होंने कहा कि यह गिरोह ज्वेलरी दुकान से सोना और चांदी चुराने के लिए मशहूर है। पुलिस ने तकनीकी मदद से इस गिरोह को पकड़ने में बड़ी सफलता हासिल की। इस कार्रवाई में डोरंडा थाना प्रभारी जयदीप टोप्पो, संतोष कुमार रजक, आजाद अंसारी, आनंद कुमार साह, अभिषेक कुमार, मुकेश कुमार, पवन कुमार यादव और नरेंद्र कुमार तिवारी ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।