हुगली। हुगली जिले की औद्योगिक उपगनरी रिषड़ा में मैत्री पथ के नजदीक जलने वाले कूड़े से निकलने वाला जहरीला धुआं रिषड़ा नगरपालिका के 10 नंबर वार्ड के लोगों के लिए एक बहुत बड़ी समस्या बन चुका है। मामले को बार-बार स्थानीय प्रशासन के संज्ञान में लाने के बावजूद रिषड़ा के मैत्री पथ के पास कूड़ा जलना बंद नहीं हुआ है। कूड़े के ढेर से उठने वाले इस जहरीले धुएं से कुछ ही मीटर की दूरी पर स्थित रिषड़ा थाने के अधिकारी और जवान भी परेशान हैं लेकिन वे भी इस मामले में लाचार दिख रहे हैं।

रिषड़ा में अक्सर रात के समय उठने वाले इस धुएं के कारण रिषड़ा रेलवे स्टेशन से होकर यात्रा करने वाले हजारों लोगों को रोज परेशानी होती है। रिसड़ा नगरपालिका के कई वार्डों के लोगों के सांसों में जहर घोल रहे इस धुएं से वार्ड संख्या 10 सबसे ज्यादा प्रभावित है। स्थानीय पार्षद और जिला भाजपा नेता मनोज सिंह ने शनिवार को हिन्दुस्थान समाचार को बताया कि वे अपने वार्ड के लोगों को जहरीले धुएं के प्रकोप से बचाने के लिए रविवार सुबह से शाम तक रिषड़ा थाने के सामने भूख हड़ताल पर बैठेंगे और रिषड़ा शहर की हवा में जहर घोलने वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग करेंगे। यदि प्रशासन ने कारवाई नहीं की तो वे बड़ा आंदोलन करेंगे। बहरहाल, देखना दिलचस्प होगा कि भाजपा पार्षद के इस भूख हड़ताल का स्थानीय प्रशासन पर क्या प्रभाव पड़ता है।

Share.

Comments are closed.

Exit mobile version