बरवाडीह। संत अन्ना बालिका मध्य विद्यालय, चैनपुर की छात्राओं ने शनिवार को शैक्षणिक भ्रमण के तहत बेतला नेशनल पार्क, सुग्गा बांध, नेतरहाट सहित अन्य प्रमुख पर्यटन स्थलों का भ्रमण किया। इस शैक्षणिक यात्रा का नेतृत्व विद्यालय की प्रधानाध्यापिका सि. ललिता सोरेंग ने किया। भ्रमण में विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं और छात्राओं की सक्रिय भागीदारी रही।शनिवार को बेतला नेशनल पार्क भ्रमण के दौरान छात्राओं की मुलाकात बरवाडीह प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) रेश्मा रेखा मिंज से हुई।
इस अवसर पर बीडीओ रेश्मा रेखा मिंज ने छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि शैक्षणिक भ्रमण बच्चों के सर्वांगीण विकास में अहम भूमिका निभाता है। उन्होंने कहा कि ऐसे भ्रमण से बच्चों में आत्मविश्वास बढ़ता है और वे प्रकृति, वन्यजीवन, जल संरक्षण एवं सांस्कृतिक विरासत को प्रत्यक्ष रूप से समझ पाते हैं।बीडीओ ने कहा कि पुस्तकीय ज्ञान के साथ व्यवहारिक अनुभव बच्चों की सोच को व्यापक बनाता है और बच्चों को भविष्य में जिम्मेदार नागरिक बनने की दिशा में प्रेरित करता है। उन्होंने छात्राओं को लक्ष्य निर्धारित कर आगे बढ़ने की सलाह दी।भ्रमण में शामिल छात्राओं ने इस यात्रा को ज्ञानवर्धक और आनंददायक बताया। विद्यालय प्रबंधन एवं शिक्षकों ने शैक्षणिक भ्रमण के सफल आयोजन के लिए प्रशासनिक सहयोग और मार्गदर्शन के प्रति आभार जताया। यह शैक्षणिक भ्रमण छात्राओं के लिए एक यादगार अनुभव बन गया।



