रांची। झारखंड के चर्चित हजारीबाग वन भूमि घोटाला मामले में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो( एसीबी) ने शुक्रवार को निलंबित आईएएस अधिकारी विनय चौबे के खिलाफ विशेष अदालत में चार्जशीट दाखिल कर दी है। विनय चौबे भ्रष्टाचार मामले में जेल बंद है। एसीबी ने विनय चौबे को 11 जनवरी को इस घोटाले के सिलसिले में रिमांड पर लिया था। उनसे लंबी पूछताछ के बाद साक्ष्यों के आधार पर यह चार्जशीट तैयार की गयी है। इस मामले में उनके करीबी व नेक्सजेन आटोमोबाइल के मालिक विनय सिंह पहले ही गिरफ्तार किए जा चुके है।
यह मामला उस समय का है जब विनय चौबे हजारीबाग के डीसी पद से तैनात थे। उन पर आरोप है कि उनके कार्यकाल के दौरान वन विभाग की भूमि के पांच प्लाटों की अवैध तरीसे से जमाबंदी की गयी थी।यह जमीन गैरमजरूआ खास जंगल झाड़ी से रुप में दर्ज थी। वन संरक्षण अधिनियम के अनुसार भारत सरकार की अनुमति के बिना ऐसी भूमि का उपयोग गैर वानिकी कार्यो के लिए नहीं किया जा सकता है। आरोप है कि अधिकारियों और खरीददार विनय सिंह ने मिलकर एक आपराधिक साजिश रची और नियम के खिलाफ जमीन का मालिकाना हक बदलवाया।
विदित हो कि मामला प्रकाश में आने के बाद वर्ष 2013 में ही सभी अवैध जमाबंदियों को रद्द कर दिया गया था, जिसे राजस्व एंव भूमि सुधार विभाग ने भी सही माना था। एसीबी ने प्रारंभिक जांच में पुष्टि होने के बाद 25 सितंबर 2025 को सरकार से अनुमति प्राप्त की और हजारीबाग थाना कांड संख्या 11/25 के तहत प्राथमिकी दर्ज की थी।



