नई दिल्ली: देशभर में आज से केन्द्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) की 10वीं और 12वीं बोर्ड परीक्षाएं शुरू हो गई हैं। परीक्षा सुबह 10:30 बजे से दोपहर 1:30 बजे तक आयोजित की जा रही है। परीक्षा केंद्रों के बाहर सुबह से ही परीक्षार्थियों और अभिभावकों की भीड़ देखी गई। छात्रों में जहां उत्साह नजर आया, वहीं अभिभावक बच्चों के बेहतर प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं देते दिखे।

इस वर्ष कुल 43 लाख से अधिक छात्र-छात्राएं बोर्ड परीक्षा में शामिल हो रहे हैं। 10वीं कक्षा के लिए 25,08,319 विद्यार्थियों ने पंजीकरण कराया है, जिनमें 14,08,546 छात्र और 10,99,773 छात्राएं शामिल हैं। वहीं 12वीं कक्षा के लिए 18,59,551 परीक्षार्थी पंजीकृत हैं, जिनमें 10,27,552 छात्र और 8,31,999 छात्राएं हैं।

परीक्षा के सुचारु और निष्पक्ष संचालन के लिए देशभर में 15,649 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। इनमें 10वीं के लिए 8,075 और 12वीं के लिए 7,574 केंद्र निर्धारित किए गए हैं। सभी केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरों के जरिए निगरानी की जा रही है। संवेदनशील परीक्षा केंद्रों पर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं ताकि किसी भी तरह की अनियमितता या नकल की घटना को रोका जा सके।

पहले दिन 10वीं की परीक्षा गणित बेसिक और गणित स्टैंडर्ड विषय से शुरू हुई है, जबकि 12वीं की परीक्षा बायोटेक्नोलॉजी, उद्यमिता और शॉर्टहैंड विषय से आरंभ हुई। बोर्ड ने छात्रों को एडमिट कार्ड और आवश्यक दस्तावेज साथ लाने तथा निर्धारित समय से पहले केंद्र पर पहुंचने की सलाह दी है।

सीबीएसई ने स्पष्ट किया है कि परीक्षा प्रक्रिया पारदर्शी और निष्पक्ष ढंग से संपन्न कराई जाएगी, ताकि सभी विद्यार्थियों को समान अवसर मिल सके।

Share.

Comments are closed.

Exit mobile version