पलामू। झारखंड के पलामू जिले में सबसे अधिक पांच निकायों मेदिनीनगर नगर निगम, विश्रामपुर नगर परिषद, हुसैनाबाद, छतरपुर एवं हरिहरगंज नगर पंचायत में चुनावी हलचल तेज है। डोर टू डोर जनसंपर्क तेज है। मतदाताओं को अपने पक्ष में गोलबंद करने के लिए लोक लुभावन वायदे किए जा रहे हैं। पूर्व मेयर के कार्यकाल की कमियों को उछाला जा रहा है, जबकि निवर्तमान महापौर एक मौका और देकर अधूरे कार्यो को पूरा करने एवं कार्यकाल की उपलब्धियां गिना रही है।

पेयजल, सड़क, नाली, सफाई, बिजली, होल्डिंग टैक्स, बस पड़ाव, सड़क जाम, पार्किंग, नागरिक सुरक्षा, भ्रष्टाचार मुक्त शासन और बेहतर बुनियादी ढांचा सहित अन्य मामले छाए हुए हैं। हालांकि मतदाता अभी खामोश हैं। खुलकर बोल नहीं रहे हैं। इस चुनाव में कुल 231970 मतदाता हिस्सा लेंगे, जिनमें महिलाओं की संख्या 113699 है। मतदान केन्द्रों की संख्या 246 है।

मेयर, अध्यक्ष एवं वार्ड पार्षद मिलाकर उम्मीदवारों की संख्या 718 है। मेयर एवं अध्यक्ष पद मिलाकर 73 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं जबकि वार्ड पार्षद के 645 प्रत्याशी शामिल हैं। वार्ड पार्षद पद के चार उम्मीदवार निर्विरोध निर्वाचित घोषित किए गए हैं। इनमें तीन मेदिनीनगर नगर निगम क्षेत्र के हैं, जबकि एक हुसैनाबाद नगर पंचायत से शामिल है।

मेदिनीनगर नगर निगम में महापौर पद के लिए 11 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं। वर्तमान में यह सीट महिला के लिए अनारक्षित है। इससे पहले भी यह सीट महिला के लिए ही अनारक्षित थी। विश्रामपुर नगर परिषद अनारक्षित महिला, हुसैनाबाद नगर पंचायत अनुसूचित जाति अन्य, हरिहरगंज नगर पंचायत अनुसूचित जाति महिला एवं छतरपुर नगर पंचायत अनारक्षित अन्य के लिए है।

मेदिनीनगर नगर निगम में मेयर पद के लिए भाजपा समर्थित उम्मीदवार निवर्तमान महापौर अरूणा शंकर, झामुमो की पूनम सिंह, कांग्रेस की नम्रता त्रिपाठी एवं भाजपा की बागी श्रीमती रिंकू सिंह मुख्य मुकाबले में हैं, लेकिन यहां त्रिकोणीय चुनाव के आसार लगते हैं।

विश्रामपुर नगर परिषद क्षेत्र में निवर्तमान अध्यक्ष हलीमा बीवी, भाजपा समर्थित उम्मीदवार चंपा शुक्ला एवं सुलेखा प्रिया के बीच मुकाबला है। यहां अध्यक्ष पद के लिए 21 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं।

छतरपुर में अरविंद गुप्ता उर्फ चुनमुन, भरत प्रसाद, अली अंसारी एवं भाजपा समर्थित उम्मीदवार कैलाश सिंह मुख्य मुकाबले में हैं। यहां इस पद के लिए सबसे अधिक 24 उम्मीदवार मैदान में हैं।

हुसैनाबाद नगर पंचायत में निवर्तमान अध्यक्ष शशि कुमार, प्रथम अध्यक्ष उषा देवी, एवं द्वितीय अध्यक्ष रहे रामेश्वर राम उर्फ छठन के बीच मुुख्य मुकाबला है। रामेश्वर राम भाजपा समर्थित उम्मीदवार हैं, जबकि शशि कुमार को राजद ने समर्थन दिया है। यहां इस पद के लिए सात उम्मीदवार हैं।

हरिहरगंज नगर पंचायत में पहली बार चुनाव हो रहा है। यहां 10 प्रत्याशी हैं, जिनमें कुमारी शिला चौधरी, पूर्व जिला पार्षद आशा कुमारी, रेणु देवी एवं माधुरी देवी के बीच मुकाबला है।

इन क्षेत्रों में सफाई, पेयजल, भ्रष्टाचार मुक्त शासन और बेहतर बुनियादी ढांचा प्रमुख चुनावी मुद्दे हैं। प्रशासन ने भयमुक्त और निष्पक्ष चुनाव कराने की तैयारी पूरी कर ली है।

Share.

Comments are closed.

Exit mobile version