आसनसोल: रानीगंज थाना क्षेत्र के कुमार गंज स्थित चिनकुटी मोड़ इलाके में गुरुवार सुबह हड़कंप मच गया जब कूड़े के ढेर से सैकड़ों नए और पुराने वोटर कार्ड बरामद हुए। स्थानीय लोगों की नजर जब इन पहचान पत्रों पर पड़ी तो उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और सभी वोटर कार्डों को जब्त कर थाने ले गई। प्रारंभिक तौर पर यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि इतनी बड़ी संख्या में वोटर कार्ड वहां कैसे पहुंचे और इन्हें किसने फेंका। स्थानीय निवासियों का कहना है कि यह मामला बेहद गंभीर है क्योंकि वोटर कार्ड एक महत्वपूर्ण सरकारी पहचान पत्र है।
लोगों ने इस घटना की निष्पक्ष जांच की मांग की है और आशंका जताई है कि इसमें किसी तरह की लापरवाही या साजिश भी हो सकती है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, बरामद किए गए सभी वोटर कार्डों की गिनती की जा रही है और यह जांच की जा रही है कि वे किस क्षेत्र से संबंधित हैं।
यह भी पता लगाया जा रहा है कि ये कार्ड वैध हैं या रद्द किए जा चुके हैं। जरूरत पड़ने पर चुनाव आयोग को भी मामले की जानकारी दी जाएगी। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है। इस घटना के बाद इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं और लोग प्रशासन से जल्द सच्चाई सामने लाने की मांग कर रहे हैं।



