रांची। राजधानी रांची के खादगढ़ा बस स्टैंड में लगातार हो रही आगजनी की घटनाओं का आखिरकार पुलिस ने खुलासा कर दिया है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर लोअर बाजार थाना पुलिस ने एक संदिग्ध युवक को गिरफ्तार किया है, जिस पर जानबूझकर बसों में आग लगाने का आरोप है। आरोपी की पहचान अर्जुन भोक्ता के रूप में हुई है, जो रांची के सिकिदरी इलाके का रहने वाला बताया जा रहा है।

पुलिस ने आरोपी के पास से माचिस का डिब्बा और एक लाइटर भी बरामद किया है। प्रारंभिक जांच में यह साफ संकेत मिले हैं कि आगजनी की घटनाएं दुर्घटनावश नहीं, बल्कि सुनियोजित तरीके से अंजाम दी गई थीं।

दो दिनों में दो बड़ी घटनाएं

रांची के सिटी एसपी पारस राणा ने बताया कि 1 फरवरी 2026 को दोपहर करीब 2:30 बजे खादगढ़ा बस स्टैंड में खड़ी छह बसों में अचानक आग लग गई थी। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और सभी छह बसें जलकर पूरी तरह खाक हो गईं। इस घटना के बाद पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं और जांच शुरू की गई।

इसी बीच, 2 फरवरी को बस स्टैंड के सामने खड़ी एक सीटी बस (रजिस्ट्रेशन नंबर JH01AR-6969) में एक बार फिर आग लगाने की कोशिश की गई। हालांकि इस बार सतर्कता के कारण समय रहते आग पर काबू पा लिया गया और बड़ा नुकसान टल गया।

सीसीटीवी फुटेज बना सबसे बड़ा सुराग

लगातार हो रही घटनाओं को देखते हुए पुलिस ने बस स्टैंड और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की बारीकी से जांच की। फुटेज में एक संदिग्ध व्यक्ति नजर आया, जो आग लगने से ठीक पहले हाथ में कपड़ा लिए बस के अंदर जाता दिखा और बाहर निकलते ही आग भड़क उठी।

जांच में यह भी सामने आया कि यही व्यक्ति 1 फरवरी को जली बसों के पास भी घटना से लगभग पांच मिनट पहले घूमता हुआ कैमरे में कैद हुआ था। इन अहम सुरागों के आधार पर लोअर बाजार थाना में 3 फरवरी 2026 को कांड संख्या 31/2026 के तहत धारा 326(ए)/327(2) बीएनएस में मामला दर्ज किया गया।

इसके बाद गठित विशेष पुलिस टीम ने छापेमारी कर आरोपी अर्जुन भोक्ता को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया।

अत्यधिक नशे की हालत में था आरोपी

सिटी एसपी पारस राणा के अनुसार, गिरफ्तारी के समय आरोपी अत्यधिक नशे की हालत में था। आशंका जताई जा रही है कि उसने या तो शराब का सेवन किया था या फिर डेंड्राइट जैसे नशीले पदार्थ का। पुलिस का कहना है कि आरोपी से पूछताछ जारी है और उसके मानसिक हालात और मंशा की भी जांच की जा रही है।

इस मामले में पुलिस ने दर्जनों लोगों से पूछताछ की थी, लेकिन ठोस सबूत सीसीटीवी फुटेज के जरिए ही हाथ लगे, जिसके बाद आरोपी तक पहुंचा जा सका।

2023 की भयावह आगजनी की यादें फिर ताजा

खादगढ़ा बस स्टैंड में आगजनी की यह कोई पहली घटना नहीं है। इससे पहले जून 2023 में भी यहां दो बार भीषण आग लग चुकी है। महज 5 घंटे के अंतराल में बस स्टैंड में खड़ी कुल 9 बसों में आग लगी थी।

पहली घटना में अचानक पांच बसों में आग भड़क उठी थी। दमकल की पांच गाड़ियों ने करीब 2 घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक चार बसें पूरी तरह जल चुकी थीं। दमकल के वाहन लौटे ही थे कि कुछ ही घंटों बाद दूसरी बार चार बसों में फिर आग लग गई।

दूसरी घटना में आग इतनी भीषण थी कि दमकल की छह गाड़ियों को करीब 3 घंटे की कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। इस दौरान चार और बसें जलकर खाक हो गईं। बाद में सीसीटीवी जांच में खुलासा हुआ था कि एक नाबालिग ने बसों में स्प्रिट छिड़क कर आग लगाई थी, जिसके बाद उसे निरुद्ध किया गया था।

सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

लगातार हो रही आगजनी की घटनाओं ने खादगढ़ा बस स्टैंड की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। हालांकि पुलिस का दावा है कि अब निगरानी बढ़ा दी गई है और बस स्टैंड में अतिरिक्त सुरक्षा इंतजाम किए जा रहे हैं।

फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी ने यह कृत्य अकेले किया या किसी के उकसावे पर, और क्या इसके पीछे कोई और साजिश भी छिपी है।

Share.

Comments are closed.

Exit mobile version