नई दिल्ली/कोलकाता: टी20 वर्ल्ड कप 2026 के रोमांचक मोड़ पर पाकिस्तान की टीम टूर्नामेंट से बाहर हो गई है। सुपर-8 के अपने निर्णायक मुकाबले में श्रीलंका के खिलाफ पाकिस्तान को सेमीफाइनल की रेस में बने रहने के लिए एक कठिन समीकरण साधना था, लेकिन श्रीलंकाई बल्लेबाजों ने पाकिस्तानी उम्मीदों पर पानी फेर दिया। मेजबान श्रीलंका ने जैसे ही 147 रन का आंकड़ा पार किया, न्यूजीलैंड आधिकारिक तौर पर सेमीफाइनल में पहुंचने वाली तीसरी टीम बन गई।
पाकिस्तान की ‘विशाल’ पारी भी पड़ी कम
मैच की शुरुआत पाकिस्तान के लिए किसी सपने जैसी रही थी। टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी पाकिस्तानी टीम ने साहिबजादा फरहान (100 रन, 60 गेंद) के शानदार शतक और फखर जमां (84 रन, 42 गेंद) की आतिशकारी पारी के दम पर 212 रनों का पहाड़ जैसा स्कोर खड़ा किया। दोनों के बीच हुई 176 रनों की रिकॉर्ड साझेदारी ने प्रशंसकों को उम्मीद जगाई थी, लेकिन सेमीफाइनल का गणित रन बनाने से ज्यादा रन रोकने पर टिका था।
श्रीलंका ने बिगाड़ा समीकरण
पाकिस्तान को क्वालीफाई करने के लिए श्रीलंका को 147 रनों के भीतर रोकना अनिवार्य था। हालांकि, श्रीलंका ने रत्नानायके की अर्धशतकीय पारी की बदौलत 16वें ओवर में ही 5 विकेट खोकर इस आंकड़े को पार कर लिया। श्रीलंका की इस जीत ने ग्रुप-2 से इंग्लैंड के बाद न्यूजीलैंड का रास्ता साफ कर दिया। न्यूजीलैंड ने 3 मैचों में केवल 3 अंकों के साथ (बारिश के कारण अंक साझा करने के बावजूद) बेहतर नेट रन रेट के आधार पर अंतिम चार में जगह बनाई है।
भारत में सजेगा सेमीफाइनल का मंच
पाकिस्तान के बाहर होते ही टूर्नामेंट का वेन्यू गणित भी बदल गया है। अब दोनों सेमीफाइनल मुकाबले भारत में खेले जाएंगे।
-
पहला सेमीफाइनल (4 मार्च): न्यूजीलैंड (ग्रुप-2 रनर अप) का मुकाबला ग्रुप-1 की टॉपर साउथ अफ्रीका से कोलकाता के ऐतिहासिक ईडेन गार्डन्स में होगा।
-
दूसरा सेमीफाइनल (5 मार्च): ग्रुप-2 की टॉपर इंग्लैंड का सामना ग्रुप-1 की नंबर दो टीम (भारत या वेस्टइंडीज में से कोई एक) से मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में होगा।
अगर पाकिस्तान क्वालीफाई करता, तो पहला सेमीफाइनल कोलंबो में आयोजित किया जाता। अब रविवार को भारत बनाम वेस्टइंडीज और साउथ अफ्रीका बनाम जिम्बाब्वे के मैचों के बाद अंतिम चार की पूरी तस्वीर और वेन्यू की स्थिति पूरी तरह साफ हो जाएगी।



