पूर्वी सिंहभूम। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर शुक्रवार को जमशेदपुर वन प्रमंडल द्वारा सोनारी स्थित वन भवन परिसर में “ग्रीनाथॉन–वॉक फॉर एनवायरमेंट” का भव्य आयोजन किया गया। पर्यावरण संरक्षण, हरित जीवनशैली और प्रकृति के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से आयोजित इस कार्यक्रम में करीब 400 लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

कार्यक्रम में वन विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी, छात्र-छात्राएं, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि, पर्यावरण प्रेमी, महिलाएं और बड़ी संख्या में युवा शामिल हुए। आयोजन की शुरुआत क्षेत्रीय मुख्य वन संरक्षक (आरसीसीएफ) स्मिता पंकज और प्रभागीय वन पदाधिकारी (डीएफओ) सबा आलम अंसारी की उपस्थिति में हुई। इस दौरान दोनों अधिकारियों ने उपस्थित लोगों को पर्यावरण संरक्षण की शपथ दिलाई और प्रकृति के संरक्षण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।

इसके बाद लगभग पांच किलोमीटर लंबी जागरूकता पदयात्रा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। पदयात्रा में शामिल प्रतिभागी हाथों में पर्यावरण संरक्षण, पौधारोपण, जल संरक्षण और प्लास्टिक मुक्त जीवन से संबंधित संदेशों वाली तख्तियां लिए हुए थे। पूरे मार्ग में हरियाली बढ़ाने और स्वच्छ पर्यावरण बनाए रखने के संदेश गूंजते रहे।

इस अवसर पर आयोजित विभिन्न जागरूकता गतिविधियों के माध्यम से लोगों को पर्यावरण के प्रति जिम्मेदार बनने के लिए प्रेरित किया गया। आरसीसीएफ स्मिता पंकज ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल सरकारी प्रयासों से संभव नहीं है, बल्कि समाज के हर व्यक्ति की भागीदारी जरूरी है। वहीं डीएफओ सबा आलम अंसारी ने कहा कि जलवायु परिवर्तन और बढ़ते प्रदूषण से निपटने के लिए जनजागरूकता सबसे प्रभावी उपाय है।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version