भुवनेश्वर। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु आज से ओडिशा के छह दिवसीय दौरे पर आ रही हैं। इस दौरान वह राज्य के पांच जिलों में विभिन्न सरकारी और सांस्कृतिक कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगी। वो आज शाम राजधानी भुवनेश्वर पहुंचेंगी। राष्ट्रपति इस अवधि में पुरी, खोर्धा, बालासोर, जाजपुर और मयूरभंज जिलों का दौरा करेंगी।

राष्ट्रपति जाजपुर जाएंगी, जहां वह जिले की अधिष्ठात्री देवी मां बिरजा के मंदिर में दर्शन और पूजा-अर्चना करेंगी। 03 फरवरी को वह बिरजा मंदिर में करीब डेढ़ घंटे का समय बिताएंगी, जिसके बाद वह बालासोर के लिए रवाना होंगी। बालासोर में राष्ट्रपति मुर्मु फकीर मोहन विश्वविद्यालय के 12वें दीक्षांत समारोह में शामिल होंगी। इसके बाद वो शाम को पुरी पहुंचेंगी, जहां वह रात्रि विश्राम करेंगी।

चार फरवरी को राष्ट्रपति का श्री जगन्नाथ मंदिर के सिंहद्वार पर गजपति महाराज, सेवायत और वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी औपचारिक स्वागत करेंगे। भगवान जगन्नाथ के दर्शन के बाद वह श्वेतगंगा में पिंडदान की धार्मिक रस्में निभाएंगी। इसके बाद राष्ट्रपति मयूरभंज जिले के रायरंगपुर जाएंगी। अपने गृह क्षेत्र के लोगों से संवाद करेंगी। इस दौरान वह कई विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास भी करेंगी।

अगले दिन राष्ट्रपति रायरंगपुर स्थित जगन्नाथ मंदिर में दर्शन करेंगी। इसके बाद दोपहर में वह जशीपुर होते हुए सिमिलिपाल टाइगर रिजर्व जाएंगी, जो अपनी समृद्ध जैव विविधता और प्राकृतिक सौंदर्य के लिए प्रसिद्ध है। वहां वह रात्रि विश्राम करेंगी। छह फरवरी को दौरे के अंतिम दिन, राष्ट्रपति सिमिलिपाल क्षेत्र की आदिवासी महिलाओं और युवाओं से संवाद करेंगी।

Share.

Comments are closed.

Exit mobile version