धनबाद। धनबाद जिले में नगर निकाय चुनाव की गहमागहमी के बीच एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। सरायढेला थाना क्षेत्र स्थित झरिया विधायक रागिनी सिंह के आवास ‘सिंह मेंशन’ पर सोमवार देर रात बाइक सवार अपराधियों ने बमबाजी कर इलाके में दहशत फैला दी। इस हाई-प्रोफाइल हमले के बाद सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, रात करीब 11:30 से 12 बजे के बीच बाइक पर सवार अज्ञात अपराधियों ने सिंह मेंशन को निशाना बनाते हुए दो बम फेंके। इनमें से एक बम आवास परिसर के अंदर जाकर जोरदार धमाके के साथ फटा, जबकि दूसरा मुख्य गेट के बाहर ही गिर गया। जिस स्थान पर विस्फोट हुआ, वहां आमतौर पर लोग बैठते हैं। गनीमत यह रही कि घटना के समय वहां कोई मौजूद नहीं था, जिससे किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।
घटना के वक्त झरिया के पूर्व विधायक संजीव सिंह, उनकी पत्नी एवं वर्तमान विधायक रागिनी सिंह, साथ ही पूर्व विधायक कुंती सिंह आवास में ही मौजूद थे। बम धमाके की आवाज सुनते ही पूरे परिसर में अफरा-तफरी मच गई। भीतर मौजूद लोग और सुरक्षा गार्ड तुरंत बाहर निकले, लेकिन तब तक हमलावर मौके से फरार हो चुके थे।
सूचना मिलते ही सिटी एसपी ऋत्विक श्रीवास्तव सरायढेला थाना पुलिस के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने सबसे पहले घटनास्थल का निरीक्षण किया और पूर्व विधायक संजीव सिंह से पूरी जानकारी ली। इसके बाद पुलिस ने सिंह मेंशन और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच शुरू की। जांच के लिए सीसीटीवी का डीवीआर जब्त कर लिया गया है, वहीं आसपास के इलाकों के फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं ताकि अपराधियों की पहचान की जा सके।
सिटी एसपी ऋत्विक श्रीवास्तव ने बताया कि मामले को बेहद गंभीरता से लिया जा रहा है। बमबाजी के पीछे की मंशा, चुनावी रंजिश या किसी अन्य कारण की जांच की जा रही है। सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है।
गौरतलब है कि पूर्व विधायक संजीव सिंह ने नगर निकाय चुनाव में मेयर पद के लिए अपनी दावेदारी पेश की है और जल्द ही नामांकन करने वाले हैं। ऐसे में चुनाव से ठीक पहले हुई इस बमबाजी की घटना ने राजनीतिक गलियारों में भी हलचल बढ़ा दी है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहन जांच में जुटी हुई है।



