रांची। रांची नगर निगम चुनाव में महापौर प्रत्याशी रमा खलको के समर्थन में रविवार को बसंत विहार, हरमू में एक भव्य पब्लिक मीटिंग आयोजित की गयी और चुनाव कार्यालय का उद्घाटन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता झारखंड प्रदेश कांग्रेस के कार्यालय प्रभारी अभिलाष साहू ने की। मंच संचालन परवेज आलम ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन हरमू प्रखंड कांग्रेस अध्यक्ष कार्तिक साहू ने किया। इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश उपस्थित रहे।

वहीं विशिष्ट अतिथियों में ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका पांडेय सिंह, पूर्व केंद्रीय मंत्री सुबोध कांत सहाय, पूर्व अध्यक्ष राजेश ठाकुर, मार्केटिंग बोर्ड अध्यक्ष रविंद्र सिंह, यशस्विनी सहाय, अमरिंदर सिंह और ओबीसी कांग्रेस अध्यक्ष प्रदीप साहू समेत कई वरिष्ठ नेता मौजूद थे। सभा को संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने कहा कि रांची शहर को स्वच्छ, सुंदर और बेहतर सुविधाओं वाला शहर बनाना कांग्रेस की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि गठबंधन सरकार के सहयोग से यदि रमा खलको को मेयर बनाया गया तो रांची का तेजी से विकास होगा और शहर देशभर में नयी पहचान बनायेगा।

ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका पांडेय सिंह ने कहा कि रमा खलको पूर्व में भी महापौर रह चुकी हैं और उनके पास अनुभव है। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछले कार्यकाल में महापौर और डिप्टी मेयर के बीच विवादों के कारण रांची का विकास बाधित हुआ। इस बार रमा खलको को एक और मौका मिलना चाहिए ताकि शहर का विकास तेजी से हो सके। मंत्री ने यह भी बताया कि हाल के महीनों में रांची में दो बड़े ब्रिज का निर्माण किया गया है और भविष्य में पांच नये ब्रिज बनाकर जनता को जाम और परेशानियों से राहत दिलाई जायेगी। सभा में उपस्थित लोगों ने हाथ उठाकर रमा खलको को समर्थन देने का वादा किया। इसके बाद हरमू प्रखंड क्षेत्र के लिए चुनाव कार्यालय का फीता काटकर उद्घाटन किया गया।

Share.

Comments are closed.

Exit mobile version