अमित कुमार दुबे
देवघर। तीसरी पारी खेलने के लिए भाजपा द्वारा तीसरी बार सांसद डॉ निशिकांत दुबे को टिकट मिलने के बाद सोमवार को एक बैठक भाजपा और भाजपा युवा मोर्चा के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ सांसद आवास में हुई। भाजपा की बैठक की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष दिवाकर गुप्ता ने की। मुख्य रूप से मौजूद सांसद निशिकांत ने साफ कह दिया कि पूरे तन मन से लग जायें। उन्होंने कहा कि जब वह पहली बार 2009 में चुनाव लड़ने देवघर आये थे, तो उनके साथ कोई नहीं था। गोड्डा लोकसभा से वाकिफ भी नहीं था, चुनाव में जीत मिली तो कार्यकर्ताओं की बदौलत। इसलिए कार्यकर्ताओं का सम्मान सर्वोपरि है। उनके बिना कोई भी व्यक्ति सांसद-विधायक नहीं बन सकता।
बैठक में जिला अध्यक्ष दिवाकर गुप्ता ने कार्यकर्ताओं से कहा कि यह खुशी की बात है कि तीसरी बार पार्टी ने निशिकांत दुबे को लोकसभा चुनाव में टिकट दिया है। बूथ स्तर पर चुनाव में कोई कमी न हो, इस पर ध्यान देना है। निशिकांत दुबे को तीसरी बार सांसद और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को फिर से प्रधानमंत्री बनाने के लिए जी जान लगा देनी है। श्री गुप्ता ने पार्टी पदाधिकारियों से यह भी पूछा कि क्या-क्या तैयारी में कमी है, उसे खुलकर बतायें। सभी पदाधिकारियों ने एक-एक कर इस पर हामी भरी की कोई कमी नहीं है। जो भी छोटी मोटी कमी है, उसे पाट लिया जायेगा। मंडल अध्यक्षों ने एक स्वर में कहा कि सभी एक ही बात चाहते हैं कि मोदी जी फिर से प्रधानमंत्री बनें। मोहनपुर मंडल अध्यक्ष ने कहा कि कोई जाति नहीं, इस बार भी सब चाहते हैं कि विकास के लिए फिर निशिकांत दुबे सांसद बनें। सभी ने अपने संबोधन में तीसरी बार सांसद के लिए टिकट मिलने पर डॉ निशिकांत दुबे को बधाई दी।
जिला महामंत्री संतोष उपाध्याय ने कहा कि सभी पदाधिकारी और कार्यकर्ता अपने इलाके में मतदाताओं को जागरूक करें। जो वोट नहीं देते हैं, उन्हें मतदान के फायदे को समझायें। कोई मतदाता वोट देने से चूके नहीं। मतदान सबसे पहले जरूरी है। कहा क पार्टी कार्यकर्ताओं का मत अलग हो सकता है। विचार अलग हो सकता है, लेकिन उद्देश्य एक ही है निशिकांत दुबे को हैट्रिक रूप से जिताना है और फिर से नरेंद्र मोदी को प्रधानमंत्री बनाना है।
जिला उपाध्यक्ष ममता गुप्ता ने कहा कि कार्यकर्ता मतदाताओं को वोट देने के लिए कन्विंस करें। बूथ दूर होने, शरीर लाचार होने सहित कई कारणों से लोग मतदान करने नहीं जाते हैं। वैसे मतदाताओं को मतदान के लिए प्रेरित करें। मतदान का प्रतिशत बढ़ना चाहिए।
बैठक में मुख्य रूप से गोड्डा लोकसभा के सांसद निशिकांत दुबे के अलावे जिला महामंत्री संतोष उपाध्याय, कार्यसमिति सदस्य संजीव जजवाड़े, महिला मोर्चा अध्यक्ष बबली सिंह, पिंटू तिवारी, मुकेश पाठक, आइटी सेल प्रभारी अमित दुबे, राजन सिंह, प्रज्ञा झा, कार्यसमिति सदस्य रीता चौरसिया, देवता पांडेय, भाजयुमो जिला अध्यक्ष अभयानंद झा सहित दर्जनों कार्यकर्ता मौजूद थे।
कार्यकर्ताओं का सम्मान सर्वोपरि : निशिकांत
सांसद डॉ निशिकांत दुबे ने बैठक में कार्यकर्ताओं से कहा कि जब 2009 में चुनाव लड़ने के लिए गोड्डा लोकसभा आया था तो यहां के भूगोल से पूरी तरह अनजान था। इन्हीं भाजपा कार्यकर्ताओं के कारण मैं पहली बार सांसद बना। डॉ दुबे ने 2009 में वोटों के अंतर को बताया और कहा कि उस समय कहा गया था कि झामुमो से दुर्गा सोरेन नहीं होते तो निशिकांत नहीं जीतते। लेकिन दूसरी बार जब टिकट मिला, तो 3 लाख 80 हजार वोट आया, जो झामुमो द्वारा 2009 में लाये गये वोट से लाख वोट ज्यादा था। तो फिर कैसे कहा जा सकता है कि 2009 में मैं दुर्गा सोरेन के कारण जीता। चुनाव जीता तो कार्यकर्ताओं की बदौलत।
उन्होंने कहा, मेरा पूरे परिवार का भाजपा से संबंध रहा, 1990 में मैं पोलिंग एजेंट था, गोली भी खाई। खतरा पार्टी के बाहर नहीं पार्टी के अंदर है। उन्होंने जिला अध्यक्ष से कहा कि जो पार्टी में काम नहीं करना चाहते, उनके सहयोग की कोई जरूरत नहीं। जो काम करना चाहते हैं, उनका सम्मान हमारे लिए सर्वोपरि है। चेहरा देखकर पार्टी के लिए काम नहीं होता। पार्टी समर्पण का दूसरा नाम है।
उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि जो भी काम प्रधानमंत्री ने दिया वह मैंने किया। विकास करने को एक लाख करोड़ की योजना गोड्डा लोकसभा में दी गयी। जो देश के सभी लोकसभा में अव्वल है।
पैसे के कारण पार्टी सम्मान नहीं देती, ईमानदारी को सम्मान देती है। जिसे काम करना हो पार्टी के लिए काम करें। मैंने सब कुछ किया, लेकिन ठेकेदारी नहीं की। जो आज की बैठक में नहीं आये वे पार्टी कार्यकर्ता नहीं ठेकेदार हैं। भाजपा में घर विभीषण को पहचान लिया है। जो काम करना चाहते हैं मन से करेंगे। निशिकांत दुबे की लड़ाई नरेंद्र मोदी को प्रधानमंत्री बनाने के लिए है। इस चुनाव में मुद्दा बनेगा जातिवाद का, इस पर सतर्क रहें कार्यकर्ता। हिंदू-मुसलमान को लेकर राजनीति नहीं करें न किसी को करने दें। यादव पर विश्वास बनाये रखें। यादव बाहुल्य में भाजपा ने लीड किया है।
दर्जनों झाविमो कार्यकर्ता भाजपा में शामिल
भाजयुमो की बैठक में बंटी पांडेय की अध्यक्षता में सैकड़ों झाविमो कार्यकर्ताओं ने भाजयुमो की सदस्यता ग्रहण की। जिसमें साहिल कुमार, नितिन कुमार, नीरज पंडित, संतोष सिंह, रवि मिश्रा, शुभा जीत कुमार, शंभू कुमार, राहुल मिश्र, विकास दुबे, कुंदन दुबे, पवन सिंह, हाफिज आदि शामिल है। भाजयुमो के साथ बैठक में प्रदेश अध्यक्ष अमित भैया, जिला अध्यक्ष अभय आनंद झा, संजय वर्मा, दीपक केशरी, कौशल सिंह, विकास चौधरी, कुंदन झा, मनीष सिंह आदि शामिल थे।