धनबाद। निरसा थाना क्षेत्र स्थित नोनियाघोड़ा के पास नेशनल हाइवे-2 पर रविवार तड़के करीब चार बजे कोलकाता से औरंगाबाद जा रही बस ओवरलोडिंग के कारण अनियंत्रित होकर पलट गयी। हादसे में 13 यात्री घायल हो गये। इनमें दो की हालत गंभीर है। सभी घायलों को पीएमसीएच में भर्ती कराया गया है। हादसे के बाद यात्रियों ने बताया कि चालक नशे में था।
यात्रियों ने कहा- नशे में था चालक
बस सवार यात्रियों ने बताया कि शनिवार रात कोलकाता से अधिकांश यात्री महाबाला नाम की बस पर सवार हुए थे। खाना खाने के लिए ड्राइवर ने पश्चिम बंगाल के वर्द्धमान एवं आसनसोल के बीच स्थित एक होटल में बस रोकी। चालक भोजन करने के समय शराब पी रहा था। यात्रियों ने बताया कि बस झारखंड सीमा में मैथन और मुगमा के बीच पहुंची, तभी सड़क किनारे बने डिवाइडर से टकरा गयी। इसके बाद बस जैसे ही निरसा के हड़ियाजाम के पहुंची, तभी सड़क किनारे बने डिवाइडर से जा टकराई और अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गयी।
दो घंटे के बाद बस में फंसे यात्री को निकाला बाहर
मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को दो घंटे की मशक्कत के बाद बाहर निकाला। उधर, मौके पर पहुंची निरसा थाना प्रभारी सुषमा कुमारी ने घायलों को एनएचएआइ एवं झारखंड सरकार के एंबुलेंस से पीएमसीएच पहुंचवाया। उन्होंने बताया कि बस के कंडक्टर सहित 13 लोग घायल हुए हैं। दुर्घटना के बाद बस चालक मौके से फरार हो गया। करीब दो घंटे बाद एनएच-2 पर गाड़ियों की आवाजाही सामान्य हो पायी।