पटना। बिहार में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन(राजग) के लिए रविवार बेहद अहम दिन रहा। जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के कार्यालय में राजग के साझा संवाददाता सम्मेलन में घटक दलों की लोकसभा सीटों की घोषणा की। जल्दी ही राजग के उम्मीदवारों के नाम की भी आधिकारिक घोषणा कर दी जायेगी। खास बात यह है कि भाजपा ने अपनी पांच सिटिंग सीटें छोड़ दीं हैं। भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता शाहनवाज हुसैन की सीट रहे भागलपुर से भी भाजपा चुनाव नहीं लड़ रही है।

राजग में घटक दलों की सीटों की संख्या पहले से तय की जा चुकी थी। भाजपा और जदयू को 17-17 सीटें, जबकि तीसरे घटक दल लोक जनशक्ति पार्टी (लोजपा) को छह सीटें पहले से हीं मिलीं हैं। अब ये सीटें कौन-कौन हैं, इसका सस्पेंस भी खत्म हो गया है। जदयू के प्रदेश अध्यक्ष वशिष्ठ नारायण सिंह ने मीडिया को इसकी जानकारी दी।

किसके पास कितना सीट
जदयू (17): वाल्मीकिनगर, सीतामढ़ी, झंझारपुर, सुपौल, कटिहार, पूर्णिया, मधेपुरा, किशनगंज, गोपालगंज, सिवान, भागलपुर, बांका, जहानाबाद, गया, नालंदा, मुंगेर व काराकाट।
भाजपा (17): पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, शिवहर, मधुबनी, अररिया, दरभंगा, मुजफ्फरपुर, जहानाबाद, सारण, उजियारपुर, बेगूसराय, पटना साहिब, पाटलिपुत्र, आरा, बक्सर, सासाराम एवं औरंगाबाद।
लोजपा (06): वैशाली, हाजीपुर, समस्तीपुर, खगड़िया, जमुई एवं नवादा।

जीत का किया दावा
सम्मेलन में जदयू के प्रदेश अध्यक्ष वशिष्ठ नारायण सिंह ने बिहार की सभी सीटों पर जीत का दावा किया। कहा कि राजग में कहीं कोई विवाद नहीं है। लोजपा के प्रदेश अध्यक्ष पशुपति नाथ पारस ने कहा कि अब एक-दो दिनों के अंदर सभी उम्मीदवारों की जानकारी भी दे दी जायेगी। उन्होंने दावा किया कि राजग बिहार की सभी 40 सीटों के साथ देश में 400 सीटें जीतेगा। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष नित्यानंद राय ने कहा कि केंद्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं राज्य में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने विकास किया है। राजग को अपने काम के बल पर जनसमर्थन है। राजग सभी सीटें जीतेगा।

Share.

Comments are closed.

Exit mobile version