पलामू। हैदरनगर थानाक्षेत्र के खडीहा गांव में मंगलवार को ग्रामीणों ने एक युवक की पीटकर हत्या कर दी। युवक अपनी बहनों द्वारा छेड़खानी की शिकायत किये जाने के बाद दूसरे गांव ये यहां आकर पूछताछ कर रहा था। इस दौरान युवक के साथ दो तीन और लड़के थे। मारपीट में एक युवक जख्मी भी हुआ है। घटना की सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच में जुट गयी है।
लड़कियों ने अपने भाइयों को दी जानकारी
घायल युवक ने बताया कि भदई गांव से दो लड़कियां साइकिल से हैदरनगर कोचिंग करने जा रही थी। इस दौरान तीन युवकों ने उनके साथ छेड़खानी की। वापस घर लौटने पर लड़कियों ने परिजनों को इस बारे में जानकारी दी। भाई कुछ लड़कों को लेकर आरोपी युवकों के गांव पहुंचा और सभी लोगों से पूछताछ करने लगे।
इसी दौरान आरोपियों ने ग्रामीणों के साथ मिल सभी लड़कों की पिटाई शुरू कर दी। लाठी-डंडे से वार कर लोगों ने एक युवक की वहीं जान ले ली। जबकि अन्य वहां से भाग निकले। इसके बाद पुलिस को घटना की सूचना दी गयी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवा दिया है और मामले की जांच में जुट गयी है।