रांची। भाजपा-आजसू ने संयुक्त चुनावी अभियान की शुरुआत कर दी है। रविवार को एक मंच पर भाजपा और आजसू के आला नेता जुटे। कहा कि हर सीट पर पुख्ता तैयारी के साथ लोकसभा चुनाव लड़ेंगे। इसके लिए भाजपा और आजसू बूथ स्तर तक साझा प्रचार अभियान चलायेगी। संयुक्त प्रेस कांफ्रेंस में भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष लक्ष्मण गिलुआ और सुदेश महतो ने भाजपा के 13 तो आजसू के एक सीट गिरिडीह से लड़ने की आधिकारिक घोषणा की। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष लक्ष्मण गिलुआ ने कहा कि भाजपा और आजसू साथ मिलकर केंद्र में बहुमत की सरकार बनाने में सहयोग करेंगे।
मोदी ने देश के मान सम्मान को वैश्विक स्तर पर बढ़ाया : सुदेश
सुदेश महतो ने कहा कि हमें विश्वास है कि राज्य की सवा तीन करोड़ जनता इस लोकतंत्र में सबसे मजबूती से उभर कर आये नेता के पक्ष में रहेगी। नरेंद्र मोदी ने देश की 130 करोड़ जनता और देश के मान-सम्मान को वैश्विक स्तर पर बढ़ाया है। अंतरराष्ट्रीय और राष्ट्रीय स्तर की चुनौतियों से इस मजबूत नेतृत्व ने उबारने का काम किया है। हर स्तर पर भारत को वैश्विक स्तर पर सामानांतर रूप से स्थापित करने की तैयारी है। हम उसी को आगे बढ़ाने का संयुक्त प्रयास करेंगे।
विस चुनाव साथ लड़ने के मुद्दे पर बाद में होगी चर्चा
सुदेश महतो ने विधानसभा चुनाव के सवाल पर कहा कि राज्य स्तर पर हमारे विचारों में अंतर हो सकता है। विधानसभा चुनाव साथ लड़ने की बात बाद की है। लोकसभा चुनाव के बाद इस पर बात करेंगे।
विरोध के बाद सरकार ने बदले हैं विचार : सरकार के नीतिगत फैसलों के खिलाफ ल्ला बोलने वाले मुद्दे पर आजसू सुप्रीमो ने कहा कि हमने जिन महत्वपूर्ण मुद्दों पर अपने विचार रखे थे। सरकार ने उन सभी मामलों में पुनर्विचार किया है। सीएनटी-एसपीटी मुद्दे पर सरकार ने अपने विचार बदले।