खूंटी। पुलिस अधीक्षक आलोक को मिली गुप्त सूचना के आधार पर दो अलग-अलग मामलों में 33 किलोग्राम अफीम के साथ नौ अपराधियों को गिरफ्तार किया गया है। पकड़े गये अपराधियों के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि दोनों मामलों में अपराधी अफीम लेकर रांची जाने वाले थे। रांची पहुंचने से पहले ही गठित टीम ने छापेमारी कर उन्हें पकड़ लिया। इस संबंध में एसपी ने रविवार को प्रेसवार्ता कर जानकारी दी।
गुप्त सूचना के बाद की कार्रवाई
पुलिस अधीक्षक आलोक को शनिवार को गुप्त सूचना मिली की एतरे-अलटंड़ा की ओर से तीन-चार व्यक्ति भारी मात्रा में अफीम लेकर साड़ीगांव आने वाले हैं। वहां से मुरहू-खूटी मार्ग होते हुए रांची जाने वाले हैं। सूचना के बाद बाद मुरहू थाना प्रभारी उदय कुमार गुप्ता के नेतृत्व में एक छापामारी टीम का गठन किया गया। जिसमें अन्य पुलिस कर्मियों और सशस्त्र बल को शामिल किया गया। इसके बाद टीम ने छापेमारी कर एतरे-अलटंड़ा जाने वाली कच्ची सड़क पर जंगल के पास से चार व्यक्तियों को कुल 13 किलोग्राम अफीम के साथ पकड़ लिया। पकड़े गये अपराधियों में जीवन ओड़या, प्रेमचंद्र पूर्ति उर्फ चुमनू पूर्ति, सोमा स्वांसी और सहदेश स्वांसी शामिल है। सभी अपराधी मुरहू थाना क्षेत्र के रहने वाले हैं। इस संबंध में मुरहू थाना में संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया है।
अफीम के साथ पांच गिरफ्तार
सायको थाना क्षेत्र के बारीडीह एवं रुईटोला में भी अफीम की सूचना थी। सूचना के बाद पुलिस अधीक्षक आलोक के निर्देश पर सायको थाना प्रभारी मुन्ना कुमार सिंह के नेतृत्व में एक टीम का गठन किया गया। टीम ने बारीडीह एवं रुइटोला के बीच जंगल से पांच अपराधियों को 20 किलोग्राम अफीम के साथ पकड़ा गया। पकड़े गये अपराधियों में दिनाय मुंडू, कुंवर मुंडू, कृष्णा मुंडू, मोटाय मुंडू और लखीराम प्रधान शामिल है।