आजाद सिपाही संवाददाता
सरायकेला। मुख्यमंत्री रघुवर दास ने कहा कि सड़क और पुल सिर्फ गांव से शहर को नहीं जोड़ते, बल्कि दो दिलों को भी जोड़ते हैं। आज देश और राज्य में जोड़ने की ही क्रांति हो रही है। आधारभूत संरचना से ही राज्य और देश की अर्थव्यवस्था मजबूत हो सकती है। इसलिए देश में चार और छह लेन वाली सड़कों का जाल बिछाया जा रहा है। मुख्यमंत्री गुरुवार को जमशेदपुर में राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं के शिलान्यास समारोह में बोल रहे थे।
सीएम ने कहा कि रांची-टाटा हाइवे जमशेदपुर की लाइफ लाइन है। इस कारण से लोग मुश्किल में थे। ठेकेदार की गलत नीतियों के कारण 50 प्रतिशत काम होने के बाद यह अधूरा पड़ा हुआ था, अब अगले अठारह महीनों में यह बनकर तैयार हो जायेगा। राज्य भर में सड़कों का बिछ रहा जाल मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार तेजी से राज्य भर में सड़कों का जाल बिछा रही है। केंद्र और राज्य में भाजपा की सरकार होने का फायदा लोगों को मिल रहा है, जिस कारण डबल इंजन की यह सरकार नेशनल और स्टेट हाइ-वे के निर्माण के लिए तेजी से काम कर रही है।
देश के दुश्मनों को मुंहतोड़ जवाब देने के लिए मोदी सक्षम : सीएम ने कहा कि अगले दो साल में जमशेदपुर में एयरपोर्ट का निर्माण कार्य भी पूरा हो जायेगा। इसके बाद हवाई चप्पल पहनने वाले लोग भी हवा में या़त्रा कर सकेंगे। कहा कि कुछ दल जाति और संप्रदाय के नाम पर लोगों को तोड़ने का काम कर रहे हैं, जिनसे बच कर रहने की जरूरत है। देश में मजबूत सरकार होने के कारण ही भारत ने पाकिस्तान के घर में घुसकर हवाई हमला किया। देश में पहले तो आतंकियों को चिकेन और बिरयानी खिलायी जाती थी, लेकिन अब मोदी सरकार आतंकियों को बुलेट का जवाब बम से दे रही है।
ओलचिकी के जनक रघुनाथ मुर्मू के नाम पर होगा चौक
मुख्यमंत्री ने संथाली भाषा की लिपि के जनक पंडित रघुनाथ मुर्मू के नाम पर चौक का नामकरण करने की घोषणा की। कहा कि राज्य सरकार सिर्फ नामकरण ही नहीं कर रही, बल्कि ओलचिकी लिपि को भी पहचान दिला रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य के आदिवासियों की चिंता सरकार ने की है। अन्य ने आदिवासियों के नाम पर सिर्फ राजनीति की। कहा कि वह पिछले साढ़े चार वर्षों के कार्यकाल में सौ बार संथाल पगरना इलाके का दौरा कर चुके हैं। राज्य सरकार संथाल परगना इलाके के विकास के लिए प्रतिबद्ध है। संथाल इलाके से तीन-तीन मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी, शिबू सोरेन और हेमंत सोरेन झारखंड में हुए, लेकिन किसी ने भी संथाल के विकास के लिए कुछ नहीं किया।
भुइयांडीह में बनेगा फोर लेन सड़क वाला पुल
मुख्यमंत्री ने भुइयांडीह में लिट्टी चौक से भिलाइपाड़ा के बीच स्वर्णरेखा नदी पर फोर लेन वाले पुल के निर्माण की घोषणा की। उन्होंने कहा कि अगले डेढ़ महीने में इसका शिलान्यास हो जायेगा। इसके निर्माण से यातायात सुगम होगा और आम लोगों को राहत मिलेगी। उन्होंने कहा कि राज्य के हर गांवों में स्ट्रीट लाइटें लगेंगी। आदिवासी और दलित बहुल गांवों में डीप बोरिंग कर जलमीनारों का निर्माण कराया जायेगा। बड़े गांवों में दो-तीन जलमीनारों का निर्माण होगा।