रांची। राजद ने सोमवार को पार्टी विरोधी गतिविधियों के कारण राजद प्रदेश अध्यक्ष अन्नपूर्णा देवी को पार्टी से निष्कासित कर दिया। राजद ने आपात बैठक कर यह निर्णय लिया है। अन्नपूर्णा को राजद से निष्कासित करने के साथ ही गौतम सागर राणा को झारखंड राजद का प्रदेश अध्यक्ष बनाया गया है।
भाजपा में शामिल हो रहीं अन्नपूर्णा देवी
अन्नपूर्णा देवी भाजपा में शामिल हो रही हैं। रविवार को महागठबंधन के सीट बंटवारे के ऐलान के साढ़े तीन घंटे बाद अन्नपूर्णा देवी सीएम हाउस में थीं। उनके साथ पूर्व सांसद मनोज भुइयां और पूर्व विधायक जनार्दन पासवान भी थे। इन तीनों नेताओं की मुख्यमंत्री रघुवर दास और भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री भूपेंद्र यादव से भेंट हुई। उनकी कोडरमा और चतरा लोकसभा सीट पर बात हुई। सोमवार की सुबह जैसे ही भाजपा प्रदेश अध्यक्ष लक्ष्मण गिलुआ ने यह पुष्टि की कि अन्नपूर्णा देवी बीजेपी में शामिल हो रही हैं, राजद ने आनन-फानन में आपात बैठक यह कार्रवाई की।