रांची। लोकसभा चुनाव के लिए पार्टी उम्मीदवारों के नामों की औपचारिक घोषणा के साथ ही भाजपा अब जमीनी स्तर पर सभी तैयारियों को पूरा करने में जुट गयी है। इसी क्रम में प्रदेश भाजपा चुनाव प्रबंधन समिति की बैठक रविवार को रांची स्थित पार्टी के प्रदेश कार्यालय में हुई। इस बैठक में मुख्यमंत्री रघुवर दास समेत पार्टी के अन्य नेता शामिल हुए। मुख्यमंत्री ने बैठक में उपस्थिति सभी पार्टी नेताओं को बूथ मैनेजमेंट के महत्व को समझाते हुए कहा कि जब बूथ पर जीत मिलेगी, तभी उम्मीदवारों की जीत सुनिश्चित होगी, इसलिए पार्टी की जीत की सारी जवाबदेही कार्यकर्ताओं पर ही है। सभी कार्यकर्ता मतभेद भूल कर पार्टी की जीत सुनिश्चित कराने में जुट जायें।
बैठक में पिछले चुनाव प्रबंधन को लेकर बनी अलग-अलग कमेटियों के सदस्य भी शामिल थे। चुनाव प्रबंधन समिति की बैठक के बाद अनंत ओझा ने कहा कि लोकसभा चुनाव में चुनाव प्रबंधन समिति कैसे अपनी भूमिका निभायेगी, इस पर चर्चा की गयी। चुनाव प्रबंधन के लिए कई समितियां बनी हैं। उन्होंने कहा कि विपक्षी दलों द्वारा जिस तरह राष्ट्रवाद पर सवाल किया जा रहा है, उसका जवाब दिया जायेगा। महागठबंधन के नेताओं द्वारा राष्ट्रीय सुरक्षा पर अनर्गल बयान आ रहा है, उसका मुंहतोड़ जवाब दिया जायेगा। उन्होंने कहा कि इन सभी मुद्दों को जनता के बीच ले जायेंगे। प्रदेश चुनाव प्रबंधन समिति की बैठक में पार्टी के प्रदेश संगठन महामंत्री धर्मपाल, प्रदेश महामंत्री दीपक प्रकाश, आदित्य साहू, संजीव विजयवर्गीय, मिसफीका समेत अन्य नेता भी बैठक में मौजूद थे।
भूपेंद्र यादव भी पहुंचे
भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री भूपेंद्र यादव रांची पहुंचने के बाद हजारीबाग जाने के क्रम में कुछ देर के लिए प्रदेश कार्यालय भी पहुंचे और कार्यकर्ताओं से मुलाकात कर हजारीबाग के कार्यक्रम में शामिल होने के लिए निकले।