सांसद संजय सेठ ने 1500 को कराया भोजन
रांची। सांसद संजय सेठ द्वारा रविवार को कडरू, फुल टोली, डोरंडा, तुलसी चौक, एजी मोड़, हिनू, रेलवे स्टेशन, चुटिया, सामलौंग, रातू, नगड़ी, बुढ़मू, किशोरगंज, खादगढ़ा, बस स्टैंड, हरमू के विभिन्न क्षेत्रों में मोदी आहार पैकेट का वितरण किया गया। 1500 पैकेट भोजन घूम-घूम कर गरीबों के बीच वितरण किया गया। भोजन के वितरण में छह टीमें बनाकर अलग-अलग क्षेत्रों में इसका वितरण किया गया। पैकेट में रोटी-सब्जी की व्यवस्था की गयी। सांसद सेठ ने कहा कि शहर का एक भी व्यक्ति भूखा नहीं रहे, इस उद्देश्य से काम करने का निर्देश दिया गया है। इसी के निमित उनकी टीम दिन-रात लगी है। सांसद संजय सेठ के निर्देश पर भोजन पैकेट के वितरण में रमेंद्र कुमार, मनीष साहू, संजय जयसवाल, संजीव साहू, संजय पोद्दार, हरिनाथ साहू, रजनी आनंद, भोला महतो, कंवलजीत सिंह संटी, चूड़ा मनी महतो, संजय साहू, शत्रुधन साहू, रवि सिंह, छतरधारी महतो, बैजू सोनी, विजय यादव, शिवम सोनी, उदित सोनी, नवनीत मेहता, हरिनाथ साहू, बलराम प्रसाद, रमेश महतो, राणा मिश्रा अपना योगदान दे रहे हैं।
गरीबों को भोजन, राशन पहुंचाने में जुटे हैं भाजपा कार्यकर्ता: प्रदीप वर्मा
रांची। प्रदेश में लॉक डाउन के बीच भाजपा के कार्यकर्ता गरीबों और जरूरतमंदों के बीच भोजन और राशन पहुंचाने में जुटे हुए हैं। इस मुहिम के तहत भाजपा कार्यकर्ताओं ने 21095 लोगों को मोदी आहार परोसा वहीं 5600 परिवारों के बीच मोदी राशन बांटा गया। रविवार को यह बातें भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष प्रदीप वर्मा ने कहीं। उन्होंने कहा कि प्रदेश भर से जो आंकड़े मिले हैं उसके अनुसार 21095 लोगों को पकाया हुआ आहार और 5600 परिवारों के बीच एक सप्ताह के हिसाब से मोदी राशन का वितरण किया गया। मोदी राशन में एक परिवार को पांच किलो चावल, एक किलो दाल, दो किलो आलू और 500 ग्राम प्याज दिया गया।
वरिष्ठ कार्यकर्ताओं को मिली है मॉनिटरिंग की जिम्मेवारी
उन्होंने कहा कि प्रदेश में गांव-गांव तक भाजपा कार्यकर्ता गरीबों और जरूरतमंदों को चिह्नित कर उनके बीच मोदी आहार और राशन का वितरण कर रहे हैं। भाजपा के सांसद, विधायक, जिलाध्यक्ष और प्रदेश से लेकर मंडल स्तर तक के पार्टी के पदाधिकारी इस सेवा कार्य में बढ़-चढ़कर अपनी भागीदारी सुनिश्चित कर रहे हैं। पार्टी ने अपने वरिष्ठ कार्यकर्ताओं की सहायता लेकर इसके प्रमंडल से लेकर जिला स्तर तक मॉनिटरिंग की व्यवस्था की है।
एएसआइ ने पेश की मिसाल
रांची। कोरोना वायरस को लेकर लोगों तक भोजन पहुंचाने की कड़ी में एएसआइ भी रविवार भी जुड़ गये। पिस्कामोड़ के सहायक अवर निरीक्षक यातायात के द्वारा जरूरतमंदों के बीच मास्क सेनिटाइजर और भरपेट भोजन कराया गया। सहायक अवर निरीक्षक धर्मेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि हम लगातार यह प्रयास करते रहेंगे, जरूरतमंद भूखा नहीं रहे और हम इस चौक से लगातार लोगों का सेवा करते रहेंगे।
कांग्रेस नेता ने 300 के बीच बांटी राहत
रांची। लालपुर प्रखंड के अंतर्गत स्थानीय लोअर बर्दवान कंपाउंड में प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता राजीव रंजन प्रसाद के नेतृत्व में 300 गरीब परिवारों के बीच फाइट अगेंस्ट कोरोना कॉलेक्टिवली कार्यक्रम के तहत उन परिवारों को चिह्नित कर जो वास्तव में लॉक डाउन के कालखंड में प्रभावित हुए हैं, उनके बीच राशन सामग्री का वितरण किया गया। इसमें पांच किलो चावल, एक किलो दाल, एक किलो नमक, एक पॉकेट हल्दी एवं स्वच्छता कायम रखने के लिए लाइफबॉय साबुन का वितरण किया गया। प्रभावित लाभार्थियों के कतारबद्ध खड़े होने के लिए सोशल डिस्टेंशिंग के मानक के अनुरूप डिमार्केशन किया गया था। कार्यक्रम को सफल बनाने में प्रवीण टोप्पो, सचिन मिर्धा, शंकर विजयवर्गीय, जयप्रकाश कुमार, धनंजय कुमार, निशांत राजा, स्वतंत्र रंजन, चाणक्य, रंजन कुमार, राहुल, अर्थराज, भरत गोसाईं, प्रवीण जयसवाल सहित कई कार्यकर्ताओं ने सहयोग प्रदान किया।
कांग्रेस नेता आलोक दुबे ने गरीबों की मदद की
रांची। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सदस्यता अभियान प्रभारी आलोक कुमार दुबे व प्रवक्ता डॉ राजेश गुप्ता छोटू ने रविवार को भी गरीबों के बीच खाने की सामग्री वितरित किया, जिसमें ब्रेड, क्रीम रौल, केक बांटा। मोराहाबादी बस्ती, अलबर्ट एक्का चौक, ओवरब्रीज, रेलवे स्टेशन इत्यादि क्षेत्रों में गरीबों, मजदूरों, बच्चों, महिलाओं कोरोना सेनानियों के बीच खाने की सामग्री वितरित की। कांग्रेस नेताद्वय ने कहा कि हर सक्षम व्यक्ति को एक दूसरे की मदद करनी चाहिए। आलोक दुबे एवं राजेश गुप्ता ने कहा कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी के आह्वान पर प्रदेश कांग्रेस कमिटी के अध्यक्ष डा रामेश्वर उरांव के निर्देशानुसार झारखंड के सभी कांग्रेस जन अपने अपने क्षेत्रों में गरीबों की सहायता के लिए आगे निकल गये हैं जो काफी खुशी और संतोष की बात है।
डॉ संजय सिंह ने गरीबों में बांटा राशन
रांची। भाजपा के प्रदेश कार्यसमिति सदस्य डॉ संजय सिंह ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर पतरातू में गरीब और जरूरतमंद लोगों के बीच राशन का वितरण किया। इस मोदी राशन में पांच किलो चावल, एक किलो दाल, दो किलो आलू और 500 ग्राम प्याज था। गरीबों के बीच राशन का वितरण करने के बाद डॉ संजय सिंह ने कहा कि भाजपा का प्रतिबद्ध कार्यकर्ता होने के कारण गरीबों और जरूरतमंदों की सेवा उनके जीवन और राजनीति का ध्येय है। उन्होंने कहा कि लॉक डाउन पीरियड तक वे इसी तरह जरूरतमंदों की मदद करते रहेंगे।
हास्य कवि सम्मेलन आयोजन समिति ने योद्धाओं के बीच बांटे 500 पैकेट
रांची। हास्य कवि सम्मेलन आयोजन समिति के द्वारा कोरोना संक्रमण की जंग में संपूर्ण भारत में लॉक डाउन में सेवारत योद्धाओं के लिए 500 पैकेट फूड वितरण किया। इसमें 250 पैकेट प्रशासनिक पदाधिकारी को दिया गया। साथ ही 250 पैकेट विभिन्न क्षेत्रों में जो हमारी सेवा में लगे सुरक्षाकर्मी, सेवासदन में मरीजों के अटेंडेंट, लोहिया धर्मशाला में रहनेवाले और आश्रितों को फूड पैकेट उपलब्ध कराया गया। स्वच्छता पूर्ण भोजन तैयार कर पैकेट में छह पूड़ी, गाजर बींस की सूखी सब्जी, भुजिया पैकेट, आचार एवं एक लीटर पानी का बोतल दिया गया। समिति के विनोद जैन, सुरेश चंद्र अग्रवाल, अशोक नारसरिया, ललित पोद्दार, पवन शर्मा, पवन पोद्दार, मनोज बजाज, अनिल अग्रवाल, रतन मोर, कमल जैन, किशोर मंत्री, पुनीत पोद्दार, राजेश भरतिया, पुनीत अग्रवाल, अनूप अग्रवाल मुख्य रूप से शामिल हैं। विनोद जैन और मनोज बजाज ने जिला प्रशासन के प्रति कृतज्ञता जाहिर की।