रांची। कोराना वायरस का आतंक दुनिया भर में फैल चुका है। भारत में भी इसका असर दिख रहा है। भारत के कई क्षेत्रों में संदिग्ध मिले हैं। देश और दुनिया के बाद झारखंड में भी भयावह बीमारी कोरोना वायरस की धमक सुनायी देने लगी है। बीते मंगलवार को केंद्र सरकार द्वारा जारी निर्देश के बाद इसे लेकर स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता ने बुधवार को अधिकारियंो संग बैठक कर स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने बताया कि राज्य में अब तक एक भी कोरोना वायरस की पुष्टि नहीं हुई है। पर चीन से लौटे 81 लोगों पर नजर रखी जा रही है। उनकी जांच की जा रही है। इसे लेकर रिम्स के आइसोलेशन वार्ड में 102 बेड सुरक्षित किये गये हैं। स्वास्थ्य विभाग ने 0651-2542700 और 9955837428 हेल्प लाइन नंबर जारी किया है। साथ ही रांची एयरपोर्ट ने भी मेडिकल हेल्प लाइन नंबर- 104 जारी किया है।
एयरपोर्ट पर मिला संदिग्ध, रिम्स में चार भर्ती
बुधवार को रांची के बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पर चीन से लौटे एक शख्स को संक्रमित होने की शक पर रिम्स भेजा गया है। यह व्यक्ति पलामू के हैदरनगर का रहेवाला है, जो चीन के वुहान से लौटा है। रिम्स में बुधवार को कोरोना वायरस के चार संदिग्ध मरीजों को भर्ती कराया गया है। इनमें से रांची निवासी एक दंपती भी है। इनके रक्त के नमूने जांच के लिए कोलकाता भेजे गये हैं। डॉक्टरों की टीम लगातार संदिग्ध मरीजों पर नजर बनाये हुए हैं। इसमें रांचा का एक दंपती है। इसके अलावा धनबाद के निरसा में भी एक संदिग्ध मिला है। बंटी भुइयां नामक यह व्यक्ति 16 फरवरी को चीन से भारत आया था।
विदेश यात्रा से बच रहे लोग
इधर, रांची एयरपोर्ट से मिली जानकारी के अनुसार कोरोना के डर से रांची के 8 हजार से ज्यादा लोगों ने विदेश यात्रा रद्द कर दी है। इनमें सबसे अधिक लोगों ने थाईलैंड जाने के लिए टिकट की बुकिंग करायी थी। इसके अलावा सिंगापुर, मलेशिया, बाली, दुबई, इटली और यूरोप के देश घूमने जाने वालों ने अपनी यात्रा रद्द की है।
Previous Articleबजट से बहुतों को बहुत कुछ सिखाया है हेमंत ने
Next Article विधवा पेंशन में विलंब सही नहीं: हेमंत
Related Posts
Add A Comment