रांची। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने उपायुक्त बोकारो को पवन देवी की विधवा पेंशन लागू करने में मदद करने का निर्देश दिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि संबंधित अधिकारी और कर्मचारी मामलों को अकारण लटकाने की कार्यप्रणाली पर जल्द पूर्णविराम लगायें। जन कल्याण को सर्वोपरि रखते हुए किया हुआ काम ही झारखंड को आगे ले जायेगा। दरअसल, मुख्यमंत्री को ट्वीट कर बताया गया कि पवन देवी विधवा पेंशन के लिए लगातार तीन वर्षों से फॉर्म जमा कर रही हैं, लेकिन अभी तक पेंशन मिलने की प्रक्रिया आरंभ नहीं हुई है। संबंधित पदाधिकारी से पूछे जाने पर कहा जाता है कि अभी विधवा सम्मान पेंशन का काम बंद है। इसके बाद मुख्यमंत्री ने उपरोक्त निर्देश दिया।
सुनील महतो के शहादत दिवस पर किया नमन
मुख्यमंत्री ने झारखंड आंदोलन में अग्रणी भूमिका निभाने वाले माटीपुत्र वीर शहीद सुनील महतो के शहादत दिवस पर उन्हें शत-शत नमन किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि झारखंड़ की पहचान, अस्तित्व और अस्मिता के लिए जीवन न्योछावर करने वाले वीर सपूत के शहादत को कभी भुलाया नहीं जा सकता। मुख्यमंत्री ने कहा कि युवाओं को संघर्ष के लिए एकजुट करने वाले वीर शहीद सुनील महतो का स्थान सदैव हम सभी के दिल में है। अलग झारखंड राज्य को अस्तित्व दिलाने में इनकी भूमिका महत्वपूर्ण रही है। हमें वीर शहीद सुनील महतो के सपनों का झारखंड बनाना है।
शिक्षा में नये रंग डालने की कोशिश सराहनीय
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने गिरिडीह के डुमरी प्रखंड स्थित गुलीडाडी गांव में रहने वाले शिक्षक परमेश्वर यादव को अपना सलाम भेजा है। मुख्यमंत्री ने शिक्षा में नये रंग डालने की कोशिश कर रहे परमेश्वर यादव के अनोखे अंदाज की प्रशंसा की है। हेमंत सोरेन ने कहा कि राज्य में प्रतिभावान शिक्षकों की कमी नहीं है। जरूरत है उन्हें ढूंढकर पटल पर लाने की। गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करने के लिए शिक्षक आगे आयेंगे, तो हमारा झारखंड और यहां के बच्चे जरूर आगे बढ़ेंगे। परमेश्वर बच्चों को गाने के माध्यम से अंग्रेजी और अंग्रेजी ग्रामर की शिक्षा दे रहे हैं। किसी भी काम को करने का तरीका अगर दिलचस्प हो, तो बच्चे स्वत: आकर्षित हो जाते हैं। यही कर रहे हैं परमेश्वर यादव। उनके द्वारा बच्चों को शिक्षा देने का अंदाज अचानक सुर्खियों में आ गया। इन दिनों सोशल मीडिया पर बच्चों को स्थानीय भाषा में गीत गाकर अंग्रेजी पढ़ाने का वीडियो चर्चा में बना हुआ ।
Previous Articleकोरोना को लेकर झारखंड में भी अलर्ट
Next Article लोकसभा स्पीकर ने 7 कांग्रेस सांसद किए सस्पेंड
Related Posts
Add A Comment