रांची। झारखंड भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश राज्यसभा चुनाव के लिए भाजपा के उम्मीदवार होंगे। बुधवार को पार्टी की केंद्रीय चुनाव समिति ने दिल्ली में यह घोषणा की।
प्रत्याशी घोषित किये जाने के बाद दीपक प्रकाश ने कहा कि भाजपा को विश्वास है कि झारखंड के अंदर ऐसे कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी दी जाये, जिसके द्वारा पार्टी आगे की ओर बढ़े। उन्होंने आकंड़ों के सवाल पर कहा कि वे आंकड़ों को प्राप्त करेंगे। आजसू और भाजपा का नैसर्गिक गठबंधन रहा है। दोनों दल ने मिलकर राज्य के विकास की गाथा लिखने का काम किया है। पार्टी सूत्रों के मुताबिक दीपक प्रकाश 13 मार्च को नामांकन दाखिल करेंगे।
पिछले महीने 25 फरवरी को दीपक प्रकाश को केंद्रीय नेतृत्व ने झारखंड भाजपा की कमान सौंपी थी। केंद्रीय चुनाव समिति ने बुधवार को राज्यसभा चुनाव के लिए दीपक प्रकाश के नाम पर स्वीकृति दी है। मंगलवार को भाजपा के केंद्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा की अध्यक्षता में भाजपा केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक हुई थी, जिसमें झारखंड से खाली हो रही दो सीटों में से एक के लिए दीपक प्रकाश के नाम पर मुहर लगी।
करीब 30 वर्षों से भाजपा से जुड़े हैं दीपक प्रकाश
दीपक ने करियर की शुरुआत एबीवीपी से की थी। 2000 में बाबूलाल मरांडी के कार्यकाल में झारखंड स्टेट मिनरल डेवलपमेंट कॉरपोरेशन (जेएसएमडीसी) के चेयरमैन बनाये गये। जब बाबूलाल ने भाजपा छोड़ी तो दीपक प्रकाश उनके साथ चले गए थे। हालांकि, जल्द वह पुन: भाजपा में वापस आ गये। भाजपा की पिछली कमेटी में दीपक प्रकाश प्रदेश उपाध्यक्ष के पद पर रह चुके हैं।

Share.

Comments are closed.

Exit mobile version