आजाद सिपाही संवाददाता
रांची। आजसू पार्टी अप्रैल माह को सामाजिक न्याय माह के रूप में मनायेगी। इसके तहत 5 से 30 अप्रैल तक महापुरुषों की जयंती और शहादत दिवस मनाये जायेंगे। कार्यक्रम प्रखंड से लेकर राज्य स्तर तक होगा। वहीं 6, 7 और 8 अक्टूबर को आजसू पार्टी का अधिवेशन होगा। उपरोक्त जानकारी आजसू के केंद्रीय मुख्य प्रवक्ता डॉ देवशरण ने दी। उन्होंने कहा कि आजसू पार्टी ने रिसर्च एंड एनालिसिस विंग का गठन किया है, जिसमें झारखंड के मुद्दों पर रिसर्च किया जायेगा।
अप्रैल में होने वाले कार्यक्रम
5 अप्रैल को रघुनाथ महतो का शहादत दिवस मनाया जायेगा। 11 अप्रैल को सिदो-कान्हू की जयंती मनायी जायेगी। 13 अप्रैल को जिला स्तरीय सामाजिक न्याय मार्च निकाला जायेगा। 14 अप्रैल को बाबा साहेब भीमराव आंबेडकर की जयंती मनायी जायेगी। 15 अप्रैल को गंगाराम जयंती मनायी जायेगी। 27 अप्रैल को राज्य स्तरीय सामाजिक न्याय सम्मेलन का आयोजन किया जायेगा। 27 अप्रैल को अनुसूचित जनजाति सम्मेलन भोगनाडीह में किया जायेगा। 30 अप्रैल को अनुसूचित सम्मेलन चतरा में आयोजित किया जायेगा।