आजाद सिपाही संवाददाता
रांची। कोयला मंत्रालय में कॉमर्शियल माइनिंग के तहत छठे दौर की प्रक्रिया के तहत 27 फरवरी से कोल ब्लॉक की नीलामी के लिए बोली लगाने की प्रक्रिया आरंभ हुई है। 28 फरवरी से तीन मार्च, 2023 तक लगायी बोली में झारखंड के तीन कोल ब्लॉक की भी नीलामी हुई।
नीलामी में बोकारो जिला स्थित पर्बतपुर सेंट्रल कोल ब्लॉक को जेएसडब्ल्यू स्टील लिमिटेड ने 31.5 प्रतिशत बोली लगा कर हासिल किया है। इस कोल ब्लॉक में 235.718 मिलियन टन का रिजर्व है। हजारीबाग के बड़कागांव स्थित पाताल ईस्ट (ईस्टर्न पार्ट) को आरसीआर स्टील वर्क्स प्राइवेट लिमिटेड ने छह प्रतिशत अधिक बोली लगा कर हासिल किया। इस कोल ब्लॉक में 129.768 मिलियन टन का रिजर्व है। वहीं, रामगढ़ जिला स्थिति बुढ़ाखाप (स्मॉल पैच) को श्री सत्या माइंस प्राइवेट लिमिटेड ने सबसे अधिक 45.5 प्रतिशत की बोली लगा कर हासिल किया। इस ब्लॉक में 9.61 मिलियन टन का रिजर्व है। बताया गया कि राज्य सरकार को इन तीनों कोल ब्लॉक के चालू हो जाने पर लगभग 700 करोड़ रुपये सालाना अतिरिक्त रॉयल्टी मिलेगी।
11 राज्यों के 141 कोल ब्लॉक के लिए निकला था टेंडर : मालूम हो कि 11 राज्यों के 141 कोल ब्लॉक की नीलामी के लिए तीन नवंबर, 2022 को टेंडर निकाली गयी थी। इसमें झारखंड के 17 कोल ब्लॉक शामिल थे, पर, देशभर के कुल 36 कोल ब्लॉक के लिए 96 बिडर्स आये। इसमें तकनीकी रूप से 27 कोल ब्लॉक ही ऐसे थे, जिसमें एक से अधिक बिडर आये थे। इनके बीच 28 फरवरी से बोली लगाने की प्रक्रिया आरंभ हुई। बेस प्राइस से सबसे अधिक बोलीदाता को कोल ब्लॉक आवंटित किया गया। एमएसटीसी द्वारा नीलामी की प्रक्रिया पूरी करायी गयी।