रांची। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद दीपक प्रकाश ने शुक्रवार को कांग्रेस के नेता राहुल गांधी की लोकसभा सदस्यता समाप्त किए जाने संबंधी लोकसभा स्पीकर के फैसले का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि देश में कानून सबके लिए बराबर है। चाहे राजा हो या रंक, जो जैसा करेगा वैसा भुगतेगा।

उन्होंने कहा कि राहुल गांधी अमर्यादित भाषा बोलने, अमर्यादित टिप्पणी करने के अभ्यस्त हो चुके हैं। उन्होंने खुद को भारत के संविधान, लोकतांत्रिक व्यवस्था, मर्यादाओं और परंपराओं से अपने को ऊपर मान लिया है।दीपक ने कहा कि मोदी सरनेम वाले लोगों को इन्होंने खुले तौर पर चोर बताया था। इसके खिलाफ गुजरात से भाजपा के विधायक एवं पूर्व मंत्री पूर्णेश मोदी ने राहुल गांधी के खिलाफ मामला दर्ज कराया था।

उन्होंने कहा कि कानून में दो साल या उससे ऊपर की सजा होने पर सदस्यता समाप्त होने का प्रावधान है, जो सब पर लागू होता है। दीपक ने कहा कि चौकीदार चोर है की टिप्पणी करने पर राहुल गांधी को सुप्रीम कोर्ट में माफी मांगनी पड़ी थी लेकिन इन्होंने अपने आचरण में कोई सुधार नहीं किया। प्रकाश ने कहा कि न्यायालय के फैसले के खिलाफ देशभर में कांग्रेस पार्टी का आचरण अशोभनीय है। कांग्रेस पार्टी को विधवा विलाप बंद कर अपने गिरेबान में झांकना चाहिए।

Share.

Comments are closed.

Exit mobile version