पूर्वी सिंहभूम। पूर्वी सिंहभूम जिले के पोटका क्षेत्र में विकास योजनाओं की प्रगति को लेकर विधायक संजीव सरदार सक्रिय नजर आ रहे हैं। बुधवार को उन्होंने प्रखंड के हाता बिरसा चौक स्थित झारखंड सरकार के पंचायती राज विभाग की ओर से लगभग 4.50 करोड़ रुपये की लागत से बनाए जा रहे बस स्टैंड सह मार्केट कॉम्प्लेक्स का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने निर्माण कार्य की गुणवत्ता का बारीकी से जायजा लिया और मौके पर मौजूद संवेदक हरि ओम कंस्ट्रक्शन के प्रतिनिधि को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

निरीक्षण में सामने आया कि कॉम्प्लेक्स में करीब 40 दुकानों का निर्माण लगभग पूरा हो चुका है, लेकिन कुछ दुकानों में शटर लगाने का कार्य मानक के अनुरूप नहीं पाया गया। इस पर विधायक ने तत्काल सुधार करने का निर्देश दिया। साथ ही भवन की छत पर कुछ स्थानों पर पानी जमा होने की समस्या भी दिखी, जिसे जल्द ठीक कराने को कहा गया। उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्माण कार्य गुणवत्ता के साथ समय पर पूरा होना चाहिए, इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

हाता में निरीक्षण के बाद विधायक पोटका प्रखंड मुख्यालय पहुंचे, जहां उन्होंने अंचलाधिकारी निकिता बाला और प्रखंड विकास पदाधिकारी अरुण कुमार मुंडा के साथ बैठक कर क्षेत्र में चल रही योजनाओं की समीक्षा की। इस दौरान आगामी 14 मई से शुरू होने वाले जनगणना कार्य की भी जानकारी ली गई। उन्होंने मुख्यालय में मौजूद ग्रामीणों की समस्याएं भी सुनीं और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।

निरीक्षण के बाद विधायक ने कहा कि क्षेत्र में शिक्षा, स्वास्थ्य और विकास कार्यों को मजबूत बनाना उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने चेतावनी दी कि काम में लापरवाही बरतने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी, जबकि बेहतर कार्य करने वालों को प्रोत्साहित किया जाएगा।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version