भोपाल। भारतीय सेनाओं की कम्बाइंड कमांडर्स कान्फ्रेंस में शामिल होने के लिए देश के रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह गुरुवार को भोपाल पहुंचे। यहां राजाभोज विमानतल पर मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष व सांसद विष्णुदत्त शर्मा, भाजपा के प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद शर्मा एवं प्रदेश के गृह मंत्री डॉ नरोत्तम मिश्रा ने उनका आत्मीय स्वागत किया।
इस अवसर पर मंत्री विश्वास सारंग, अरविन्द भदौरिया, विधायक रामेश्वर शर्मा, कृष्णा गौर, महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष माया नारोलिया, कौशल विकास निगम अध्यक्ष शैलेन्द्र शर्मा, इलेक्ट्रानिक विकास निगम अध्यक्ष शैतान सिंह पाल, पूर्व विधायक सुरेन्द्रनाथ सिंह, ध्रुवनारायण सिंह, प्रदेश प्रवक्ता डॉ हितेश वाजपेयी, डॉ दुर्गेश केसवानी, नेहा बग्गा, प्रदेश सह मीडिया प्रभारी विवेक तिवारी, जुगलकिशोर शर्मा, जिलाध्यक्ष सुमित पचौरी, भोपाल विकास प्राधिकरण अध्यक्ष कृष्णमोहन सोनी, उपाध्यक्ष अनिल अग्रवाल, सुनील पाण्डे सहित जिला पदाधिकारियों ने भी उनका स्वागत किया।
दरअसल, राजधानी भोपाल के कुशाभाऊ ठाकरे इंटरनेशनल कंवेंशन सेंटर में शुक्रवार से तीनों सेनाओं की कम्बाइंड कमांडर्स कॉन्फ्रेंस शुरू हुई। इसमें टॉप आर्मी ऑफिशियल्स के साथ प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह भी हिस्सा लेंगे। प्रधानमंत्री मोदी शुक्रवार को यहां आएंगे, जबकि रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह गुरुवार को भोपाल पहुंच गए हैं।
कॉन्फ्रेंस में नौसेना, थलसेना और वायुसेना अध्यक्ष के अलावा चीफ आफ डिफेंस स्टाफ और तीनों सेनाओं के वरिष्ठतम अधिकारी भी शामिल हो रहे हैं। कमांडर कान्फ्रेंस को सामरिक दृष्टि से बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है। इसमें भारतीय सेना की रणनीति, रक्षा मामलों में आत्मनिर्भरता सहित अन्य विषयों पर चर्चा हो सकती है। वाइस चीफ, चीफ ऑफ इंट्रीगेटेड डिफेंस स्टाफ, 7 आर्मी कमांडर, कमांडर 3 नेवल कमांड के प्रमुख भी कांफ्रेंस में शामिल होने के लिए भोपाल आए हैं।