रांची। बुढ़मू थाना क्षेत्र अंतर्गत चैनगड़ा डहू टोला में बुधवार को डायन बिसाही के आरोप में एक महिला की हत्या कर दी गई। उसकी पहचान रतनी देवी के रूप में हुई है। पुलिस ने नामजद मुख्य आरोपित रीना देवी, दिलीप मुंडा, प्रकाश मुंडा को हिरासत में ले लिया है।

बताया जाता है कि मृतका का पति बुधु मुंडा और हेमा मुंडा दोनों चचेरे भाई हैं और दोनों पड़ोसी हैं। हेमा मुंडा के बेटे प्रकाश मुंडा को लकवा की शिकायत होने पर सोमवार की सुबह रिम्स इलाज कराने के लिए ले जाया गया था। शाम को लौटने के बाद रतनी देवी उसके स्वास्थ्य की जानकारी लेने हेमा मुंडा के घर गई थी। यहां बीमार प्रकाश मुंडा की बहन और भाई ने उसके साथ गाली-गलौच करते हुए जादू टोना कर बीमार करने का आरोप लगाया। साथ ही उसकी जमकर पिटाई कर दी। हेमा मुंडा के परिजनों का इलाज के लिए पैसे मांगने पर रतनी देवी ने पैसे भी नहीं दिये थे।

दूसरी ओर मृतका रतनी देवी के परिजनों का आरोप है कि हेमा मुंडा के घरवालों ने रतनी देवी की पिटाई कर घर के बरामदे में उसे गंभीर अवस्था में छोड़ दिया था। रतनी देवी के पति बुधु मुंडा के अनुसार जैसे ही वह अपनी पत्नी को देखने गया तो रतनी की मौत हो चुकी थी। हत्याकांड के बाद पीड़ित पक्ष की ओर से घटना की लिखित सूचना थाना में दी गयी है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए रिम्स भेज दिया है। पुलिस आरोपितों से पूछताछ कर रही है।

Share.

Comments are closed.

Exit mobile version