-नितिन गडकरी रांची-जमशेदपुर समेत कई सड़कों का करेंगे उद्घाटन
-केंद्रीय मंत्री-रांची-बोकारो एक्सप्रेस-वे निर्माण का भी करेंगे शिलान्यास
आजाद सिपाही संवाददाता
रांची। सड़क, परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी 23 मार्च को झारखंड आयेंगे। वह रांची-जमशेदपुर की 4468 करोड़ की लागत से कई सड़कों का उद्घाटन-शिलान्यास करेंगे। केंद्रीय मंत्री के दौरे की जानकारी झारखंड सरकार को भी दी गयी है। नेशनल हाइवे अथॉरिटी आॅफ इंडिया (एनएचएआइ) के झारखंड कार्यालय ने एनएचएआइ की परियोजनाओं के उद्घाटन-शिलान्यास के लिए सूची भी तैयार की है। इसके अलावा एनएच विंग झारखंड भी अलग से रोड की सूची फाइनल कर रहा है, जिसका उद्घाटन-शिलान्यास किया जाना है।
केंद्रीय मंत्री रांची-बोकारो से जुड़ी 60 किमी एक्सप्रेस-वे निर्माण का भी शिलान्यास करेंगे। इसमें करीब 2222 करोड़ की लागत आयेगी। वहीं, लाइफलाइन मानी जानीवाली एनएच 33 के जमशेदपुर-महुलिया सेक्शन का उद्घाटन भी करेंगे। केंद्रीय मंत्री के झारखंड दौरे को देखते हुए मंत्रालय की ओर से तैयारी करने का निर्देश दिया गया है। उद्घाटन-शिलान्यास समारोह में सांसदों- विधायकों को भी आमंत्रित किया जायेगा।
इनका होगा शिलान्यास:
बोकारो-जैनामोड़-गोला एक्सप्रेस-वे: 1008 करोड़ रुपये की लागत, लंबाई-32.49 किमी.।
गोला-ओरमांझी रोड-1214 करोड़, लंबाई 27.846 किमी।
इनका होगा उद्घाटन:
रामगढ़ के पटेल चौक में वीयूपी एनएच 31: 24.09 करोड़, एक किमी. रोड।
एलिवेटेड कॉरिडोर- कालीमंदिर चौक- बालगुमा जमशेदपुर सेक्शन एनएच 33, 10.04 किमी, लागत1876 करोड़।
चार-छह लेन रोड जमशेदपुर-महुलिया सेक्शन एनएच 33 में 44.219 किमी, लागत 465.23 करोड़।