रांची। प्रदेश भाजपा के कार्यकर्ताओं और आम लोगों ने रविवार को प्रधानमंत्री के मन की बात कार्यक्रम के 99वें संस्करण को सुना। प्रदेश भाजपा ने कार्यक्रम का बूथ स्तर पर आयोजन किया था, जिसमें प्रदेश के नेता भी शामिल हुए। रांची विधानसभा क्षेत्र के सुखदेवनगर मंडल स्थित बूथ संख्या 121 पर भाजपा अध्यक्ष अध्यक्ष एवं सांसद दीपक प्रकाश ने मन की बात कार्यक्रम को सुना।
दीपक प्रकाश ने कहा कि प्रधानमंत्री के मन की बात कार्यक्रम में पूरा भारत समाया हुआ रहता है। यह कार्यक्रम एक भारत-श्रेष्ठ भारत का दर्शन कराता है। उन्होंने कहा कि मन की बात में भारत की सांस्कृतिक विरासत के साथ बढ़ते भारत और बदलते भारत की स्पष्ट छवि दिखाई पड़ती है। मोदी ने अंगदान की चर्चा में झारखंड की सराहना की, जो राज्य के लिए गौरव की बात है।
कांके विधानसभा क्षेत्र के गोंदा मंडल स्थित बूथ संख्या 349 पर मन की बात कार्यक्रम में शामिल होते हुए नेता विधायक दल एवं पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी ने कहा कि यह कार्यक्रम देश के जन मन को आत्मगौरव और स्वाभिमान से भर देता है। उन्होंने कहा कि 100वें संस्करण के कार्यक्रम को भाजपा के कार्यकर्ता ऐतिहासिक बनाएंगे।
चुटिया मंडल के बूथ संख्या 370 पर मन की बात सुनते हुए क्षेत्रीय संगठन महामंत्री नागेंद्र त्रिपाठी ने कहा कि मन की बात कार्यक्रम केवल सुनने की बात नहीं, बल्कि गौरवशाली भारत का एक महत्वपूर्ण दस्तावेज है, जिसमें भारत के लोगों की गौरव गाथाएं समाहित हैं। यह कार्यक्रम सभी पीढ़ियों को देश की मिट्टी से जोड़ता है।
धुर्वा मंडल अंतर्गत बूथ संख्या 373पर कार्यकर्ताओं के साथ मन की बात कार्यक्रम के 99वें संस्करण को सुनते हुए प्रदेश संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह ने कहा कि मन की बात कार्यक्रम ऐसा लगता जैसे मां भारती की वंदना हो रही हो। उन्होंने कहा कि यह संबोधन भाजपा कार्यकर्ताओं एवं आम जनता को अंधकार से प्रकाश की ओर, बुराई से अच्छाई की ओर, असत्य से सत्य की ओर जाने को प्रेरित करता है। आधे घंटे के कार्यक्रम से असीम ऊर्जा का संचार होता है।