आजाद सिपाही संवाददाता
रांची। राजधानी समेत राज्य के कई हिस्सों (जिलों) में अगले 21 मार्च तक झमाझम बारिश होगी। इसकी जानकारी मौसम विभाग केंद्र रांची ने येलो अलर्ट जारी करते हुए दी है। विभाग ने बताया है कि राज्य के कई हिस्सों के अलावे राजधानी में 21 मार्च तक बारिश होने की संभावना है। बता दें, इससे पहले मौसम विभाग ने 16, 17 और 18 मार्च को बारिश होने की संभावना जताते हुए येलो अलर्ट जारी किया था। अब विभाग ने अलर्ट जारी करते हुए कहा है कि राज्य के कई हिस्सों में तेज हवा, वज्रपात और ओलावृष्टि के साथ बारिश का अनुमान लगाया है। राजधानी रांची में बदले मौसम का असर साफ दिखाई दे रही है। राजधानी रांची के तापमान में पिछले 24 घंटे में 4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गयी है। मौसम विभाग ने बताया है कि बदलते मौसम का असर तापमान पर पड़ा है। इससे आने वाले कुछ दिनों हवा की रफ्तार तेज हो सकती है, इससे पहले इसकी रफ्तार 30 से 40 किलोमीटर तक की थी जिसकी रफ्तार अब 40 से 50 किलोमीटर के बीच तक हो सकती है। इन जिलों को विभाग ने चेतावनी दी है जिसमें चेतावनी देते हुए विभाग ने बताया है कि बोकारो, धनबाद, पूर्वी सिंहभूम, गढ़वा, पलामू, रामगढ़ जिले के कुछ हिस्सों में अगले एक से तीन घंटे में हल्के से माध्यम दर्जे की बारिश के साथ मेघगर्जन और वज्रपात होने की संभावना है। इसके अलावे जिले के कुछ जगहों पर तेज हवा की रफ्तार (हवा कि गति 30-40 किलोमीटर प्रति घंटे तक) देखी जा सकती है। 19 मार्च यानी रविवार को भी ऐसे ही मौसम के होने की बात कही है। मौसम विभाग केंद्र रांची ने बताया है कि 18 से 21 मार्च तक के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। साथ ही बताया है कि 20 और 21 मार्च को भी बादल छाए रहेंगे। इसके अलावे तेज हवा, वज्रपात के साथ मध्यम दर्जे की बारिश हो सकती है। वहीं अलर्ट जारी करते हुए लोगों को ज्यादा सुरक्षित रहने की सलाह दी गयी है। मौसम के मद्देनजर विभाग ने संभावित असर और बचाव को लेकर लोगों से अपील की है वे सतर्क और सावधान रहें। सुरक्षित स्थानों का शरण लें। पेड़ के नीचे रहने से बचें, बिजली के खंभों से दूरी बनाए। किसान अपने खेतों में ना जाए साथ ही मौसम के सामान्य होने की प्रतीक्षा करें। इसके अलावे बारिश से कच्चे मकान प्रभावित हो सकते हैं, बारिश की वजह से फसल और पशुधन भी प्रभावित हो सकते हैं। विभाग ने लोगों को कमजोर कच्चे दिवारों से दूरी बनाने साथ ही पक्के मकानों में आश्रय लेने की सलाह दी है।

 

Share.

Comments are closed.

Exit mobile version