पश्चिम सिंहभूम। झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री एवं राज्यसभा सांसद दिशोम गुरु शिबू सोरेन के निधन पर पूरे राज्य में शोक की लहर दौड़ गई है। उनके असामयिक निधन पर झारखंड के प्रमुख नेताओं ने गहरा दुख व्यक्त करते हुए इसे राज्य और विशेष रूप से आदिवासी समाज के लिए एक अपूरणीय क्षति बताया है।

पूर्व मुख्यमंत्री मधु कोड़ा ने अपनी संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि शिबू सोरेन का जाना केवल झारखंड की राजनीति के लिए नहीं, बल्कि पूरे समाज के लिए एक गहरी क्षति है। उन्होंने अपना पूरा जीवन आदिवासी समाज और गरीबों के अधिकारों के लिए समर्पित किया। उनकी सरलता, संघर्षशीलता और दूरदर्शिता हम सभी के लिए सदैव प्रेरणा का स्रोत बनी रहेगी।

भाजपा के पश्चिमी सिंहभूम जिला अध्यक्ष संजय पांडे ने भी अपने शोक संदेश में कहा कि शिबू सोरेन का राजनीतिक और सामाजिक योगदान अविस्मरणीय है। उन्होंने कहा कि उनका जीवन एक आदर्श था। उनके विचार और सेवा भाव आने वाली पीढ़ियों को प्रेरित करते रहेंगे। मैं दिवंगत आत्मा की शांति और शोक संतप्त परिजनों को संबल देने की ईश्वर से प्रार्थना करता हूं।

वहीं, पूर्व सांसद गीता कोड़ा ने भी शोक जताते हुए कहा कि शिबू सोरेन का निधन पूरे देश, विशेषकर आदिवासी समाज के लिए अत्यंत पीड़ादायक है। उन्होंने कहा, “समाज ने एक सच्चा अभिभावक खो दिया है। ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्मा को शांति और शोकाकुल परिजनों को इस कठिन समय में धैर्य और शक्ति प्राप्त हो। शिबू सोरेन के निधन से झारखंड की राजनीति और सामाजिक चेतना को जो धक्का लगा है, उसकी भरपाई निकट भविष्य में संभव नहीं दिखती।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version